1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्टार क्रिकेटर्स के साथ विंबलडन फाइनल देखने पहुंचे वैभव सूर्यवंशी, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

स्टार क्रिकेटर्स के साथ विंबलडन फाइनल देखने पहुंचे वैभव सूर्यवंशी, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

भारत के स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने पहली बार विंबलडन का दौरा किया और सेंटर कोर्ट पर मेन्स सिंगल्स फाइनल का आनंद लिया। उनके साथ युवराज सिंह, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा भी मौजूद थे।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM.COM/WIMBLEDON वैभव सूर्यवंशी

क्रिकेट के मैदान पर अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले भारत के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी टेनिस के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट विंबलडन में नजर आए। 15 साल के बल्लेबाज ने पहली बार विंबलडन के ऐतिहासिक सेंटर कोर्ट का अनुभव लिया और इस दौरान उन्होंने अपने पसंदीदा टेनिस खिलाड़ियों का भी खुलासा किया। वैभव सूर्यवंशी रविवार को विंबलडन मेन्स सिंगल्स फाइनल देखने पहुंचे। उनके साथ भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन भी मौजूद थे। सेंटर कोर्ट के माहौल का आनंद लेते हुए युवा बल्लेबाज ने इसे अपने लिए बेहद खास अनुभव बताया।

वैभव ने नोवाक जोकोविच को बताया फेवरेट

वैभव ने बताया कि वह पिछले चार-पांच सालों से टेनिस देख रहे हैं। बचपन से उन्होंने नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल के मुकाबलों का खूब आनंद लिया है, लेकिन उनमें से जोकोविच उनके सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि वह नडाल और जोकोविच को काफी देखा करता था। उन्हें जोकोविच बहुत पसंद हैं।

जब वैभव से मौजूदा पीढ़ी के टेनिस खिलाड़ियों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर का सपोर्ट किया। उनका मानना है कि पूरे टूर्नामेंट में सिनर का प्रदर्शन शानदार रहा है और वही खिताब जीतने के सबसे बड़े दावेदार हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें सिनर का गेम काफी पसंद आया है। जिस तरह उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाया है, उम्मीद है कि वह आज फाइनल भी जीतेंगे।

अभिषेक शर्मा ने तैयार होने में की मदद

सेंटर कोर्ट पर अपने स्टाइलिश लुक को लेकर भी वैभव ने मजेदार खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस खास मौके के लिए उन्होंने कोई खास योजना नहीं बनाई थी और साथी क्रिकेटर अभिषेक शर्मा ने तैयार होने में उनकी मदद की। वैभव ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने कुछ खास प्लान नहीं किया था। जो जल्दी मिला, वही पहन लिया। अभिषेक ने सब व्यवस्थित करने में मदद की और वह यहां पहुंच गए। इस साल विंबलडन में भारतीय क्रिकेट जगत की अच्छी-खासी मौजूदगी देखने को मिली। इससे पहले क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और भारत के टेस्ट और ODI कप्तान शुभमन गिल भी मेन्स सिंगल्स सेमीफाइनल मुकाबले देखने पहुंचे थे। दोनों ने प्रतिष्ठित रॉयल बॉक्स से मैच का आनंद लिया था।

यह भी पढ़ें:

वैभव सूर्यवंशी को आखिरी मैच में क्यों किया गया टीम से बाहर? कप्तान अय्यर ने फैसले पर तोड़ी चुप्पी

Latest Cricket News