1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 से की कुल इतने लाख रुपये की कमाई, इनाम में लग्जरी SUV भी जीती, जानिए कितनी है कीमत?

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 से की कुल इतने लाख रुपये की कमाई, इनाम में लग्जरी SUV भी जीती, जानिए कितनी है कीमत?

इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोला। वैभव ने 700 से ज्यादा रन ठोकते हुए 15 साल की उम्र में ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
Image Source : AFP वैभव सूर्यवंशी

Vaibhav Sooryavanshi: IPL 2026 ने भारतीय क्रिकेट को एक नया सुपरस्टार दिया है। महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन में जो कारनामा किया, उसने दुनिया भर के क्रिकेट एक्सपर्ट को हैरान कर दिया। बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने न सिर्फ बड़े-बड़े  सितारों को पीछे छोड़ा, बल्कि अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से T20 क्रिकेट की परिभाषा बदलने की चर्चा भी छेड़ दी।

राजस्थान रॉयल्स भले ही दूसरे क्वालिफायर में हारकर फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई, लेकिन पूरे सीजन में वैभव सूर्यवंशी का जलवा ऐसा रहा कि IPL 2026 के अवॉर्ड सेरेमनी में सबसे ज्यादा चर्चा उन्हीं के नाम की रहीं। अपनी ऐतिहासिक बल्लेबाजी के दम पर वैभव ने कुल 55 लाख रुपये की इनामी राशि और एक शानदार टाटा सिएरा SUV अपने नाम की। इस गाड़ी की स्टार्टिंग कीमत 11 लाख रुपये है, जो 22 लाख तक जाती है। हालांकि, उन्हें इस SUV को सड़क पर दौड़ाने के लिए कम से कम तीन साल और इंतजार करना होगा। वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में 237.31 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 63 चौके और रिकॉर्ड 72 छक्के निकले। यही वजह है कि क्रिकेट जगत में उनकी तुलना महान बल्लेबाजों से की जाने लगी है।

ऑरेंज कैप पर किया कब्जा

IPL 2026 सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में वैभव ने ऑरेंज कैप अपने नाम की। इसके लिए उन्हें 10 लाख रुपये की इनामी राशि मिली। वैभव को IPL 2026 का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर यानी MVP भी चुना गया। उन्होंने 436.5 MVP पॉइंट हासिल किए, जो पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा थे। इस सम्मान के लिए उन्हें 15 लाख रुपये की अतिरिक्त इनामी राशि दी गई।

सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन

237.31 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट के साथ बल्लेबाजी करने वाले वैभव को सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड भी मिला। इस उपलब्धि के लिए उनके खाते में 10 लाख रुपये और जुड़े। जसप्रीत बुमराह, पैट कमिंस और कगिसो रबाडा जैसे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करने वाले वैभव को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन चुना गया। इस अवॉर्ड के साथ उन्हें 10 लाख रुपये की इनामी राशि मिली।

गेल का रिकॉर्ड तोड़ने पर मिला बड़ा अवॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने IPL इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने 72 छक्के जड़कर 2012 में क्रिस गेल द्वारा बनाए गए 59 छक्कों के 16 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन अवॉर्ड मिला, जिसके तहत 10 लाख रुपये और मिले। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी को एक लग्जरी SUV भी इनाम में मिली।

IPL 2026 से वैभव सूर्यवंशी की कुल कमाई (55 लाख रुपये)

  • ऑरेंज कैप - 10 लाख रुपये
  • मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) - 15 लाख रुपये
  • सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन - 10 लाख रुपये
  • इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन - 10 लाख रुपये
  • सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन - 10 लाख रुपये

यह भी पढ़ें:

RCB की ऐतिहासिक जीत के बाद क्या बेंगलुरु में निकलेगी विक्ट्री परेड? फ्रेंचाइजी ने दिया बड़ा अपडेट

IPL 2026: जीत के बाद कप्तान रजत पाटीदार का बड़ा बयान, भगदड़ में मरने वाले फैंस को समर्पित किया खिताब

Latest Cricket News