A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी के विस्फोट में सब ध्वस्त, हार्दिक भी हो गए दीवाने, राजस्थान रॉयल्स ने तीसरी बार किया ये काम

वैभव सूर्यवंशी के विस्फोट में सब ध्वस्त, हार्दिक भी हो गए दीवाने, राजस्थान रॉयल्स ने तीसरी बार किया ये काम

वैभव सूर्यवंशी जब मैदान में उतरते हैं तो गेंदबाज नहीं, बल्कि गेंद देखते हैं। जसप्रीत बुमराह की पहली ही बॉल पर उन्होंने जैसा सिक्सर लगाया वो ​काबिलेतारीफ था। राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस मैच के बाद हार्दिक पांड्या भी उनके दीवाने होते हुए नजर आए।

vaibhav sooryavanshi and hardik pandya- India TV Hindi
Image Source : PTI-AP वैभव सूर्यवंशी और हार्दिक पांड्या

वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर से आईपीएल में विस्फोटक पारी खेली। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मंगलवार को खेले गए मुकाबले में वैभव ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया। जब तक वे क्रीज पर रहे, चौके और छक्कों की बारिश होती रही। इस बीच मैच के बाद विरोधी टीम के कप्तान यानी हार्दिक पांड्या भी वैभव के दीवाने होते हुए नजर आए। हां, राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के इतिहास में तीसरी बार पहले तीन मैच जीतने का काम किया है। 

वैभव सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह की पहली ही बॉल पर जड़ा सिक्सर

राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस के मैच का इंतजार किया जा रहा था, क्योंकि सभी को देखना था कि वैभव सूर्यवंशी जसप्रीत बुमराह का किस तरह से सामना करते हैं। वैसे बारिश के कारण मैच छोटा कर दिया गया और देरी से शुरू हुआ। इस बीच जब मैच शुरू हुआ और बुमराह दूसरा ओवर लेकर आए तो पहली ही बॉल पर वैभव सूर्यवंशी ने गगनचुंबी छक्का ठोक दिया। इसके बाद भी पूरे ओवर में उन्होंने चौके और छक्के लगाने का सिलसिला जारी रखा। इसके बाद बुमराह दूसरा ओवर तब लेकर आए, जब वैभव आउट होकर पवेलियन लौट चुके ​थे। वैसे लग तो ऐसा रहा था कि वैभव एक और बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन वे 39 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान वैभव ने केवल 14 बॉल का सामना किया और पांच छक्कों के साथ साथ एक चौका भी लगाया। 

हार्दिक पांड्या ने भी की वैभव सूर्यवंशी की दिल खोलकर तारीफ

मैच के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। हार्दिक ने कहा कि इस लड़के ने जिस तरह की बल्लेबाजी की, उसे देखना काफी दिलचस्प रहा। हार्दिक बोले कि वैभव जिस तरह की बल्लेबाजी करते हैं और उनके भीतर जो निडरता है, वो काबिलेतारीफ है। उसे बैटिंग करते हुए देखना कमाल की बात होती है। हा​र्दिक ने अपनी बातों में हालांकि वैभव को 16 से 17 का बता दिया, लेकिन वैभव की उम्र अभी केवल 15 साल है। हो सकता है कि हार्दिक फ्लो में बोले गए हों और उन्हें वैभव की उम्र का अंदाजा ना हो। 

राजस्थान रॉयल्स ने लीग में जीता अपना लगातार तीसरा मुकाबला

इस बीच बात अगर राजस्थान रॉयल्स की करें तो टीम ने लगातार अपने तीन मैच जीतकर छह अंक हासिल कर लिए हैं और पहले नंबर पर पहुंचने में कामयाबी हासिल कर ली है। आईपीएल के इतिहास में अब तक केवल तीसरी बार ऐसा हुआ है, जब राजस्थान ने लीग के अपने शुरुआती तीन मैच जीते हों। साल 2015 में तो टीम अपनी शुरुआती पांच मैच जीतने में सफलता हासिल की थी। इसके बाद टीम ने साल 2024 में लगातार चार मैच जीते थे। अब देखना होगा कि टीम कब तक अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रख पाती है। कौन सी टीम होगी, जो उसके विजय रथ को रोक सकती है। 

यह भी पढ़ें 

IPL 2026 Points Table: राजस्थान बनाम मुंबई मैच के बाद अंक तालिका में भयंकर उलटफेर, टॉप के लिए जबरदस्त जंग

RR vs MI: राजस्थान ने लगाई जीत की हैट्रिक, मुंबई को 27 रनों से दी शिकस्त

Latest Cricket News