A
Hindi News खेल क्रिकेट वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में कब और किस टीम के खिलाफ खेलेंगे अपना पहला मैच? जबरदस्त होगी टक्कर

वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में कब और किस टीम के खिलाफ खेलेंगे अपना पहला मैच? जबरदस्त होगी टक्कर

इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। हाल ही में IPL 2026 के पहले फेज का शेड्यूल जारी किया गया।

Vaibhav Suryavanshi- India TV Hindi Image Source : PTI वैभव सूर्यवंशी

Vaibhav Sooryavanshi First Match In IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है और 28 मार्च से टूर्नामेंट की शुरुआत होने वाली है। पहले चरण का शेड्यूल सामने आ चुका है, जिसमें 16 दिनों के अंदर 20 मुकाबले खेले जाएंगे। ओपनिंग मैच में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से बेंगलुरु में होगा। इस मुकाबले को लेकर उत्साह तो है ही, लेकिन असली चर्चा एक युवा खिलाड़ी को लेकर हो रही है। वह नाम है वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने पिछले सीजन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया था। IPL 2026 शुरू होने से ठीक पहले वह अपना 15वां जन्मदिन मनाएंगे और इस बार उनसे और भी बड़ी पारियों की उम्मीद की जा रही है।

कब खेलेंगे वैभव अपना पहला मैच?

हर किसी के मन में यही सवाल है कि वैभव सूर्यवंशी इस सीजन अपना पहला मुकाबला कब खेलेंगे। शेड्यूल के मुताबिक, वह 30 मार्च को मैदान पर उतरेंगे। उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स का सामना इस दिन चेन्नई सुपर किंग्स से गुवाहाटी में होगा। यह मुकाबला कई मायनों में खास रहने वाला है, क्योंकि इसमें सिर्फ दो टीमों की भिड़ंत नहीं, बल्कि पुराने साथियों के बीच भी टक्कर देखने को मिलेगी।

दरअसल, पिछले सीजन तक संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स टीम का हिस्सा थे और उनकी कप्तानी में ही वैभव सूर्यवंशी ने IPL में कदम रखा था। लेकिन इस बार दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स की टीम हिस्सा हैं। ऐसे में CSK बनाम RR मुकाबला कई मायनों में खास होने वाला है।

सबसे युवा बनाम सबसे उम्रदराज

चेन्नई और राजस्थान के बीच होने वाले इस मुकाबले में सबसे युवा खिलाड़ी के साथ ही सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का जलवा देखने को मिलेगा। वैभव IPL के सबसे युवा खिलाड़ी है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स में अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिनकी उम्र 44 साल है। दोनों खिलाड़ियों के बीच लगभग 30 साल का अंतर है। गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2025 में 7 मैच खेले थे और 206.55 के शानदार स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 1 अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया था। इस बार भी वैभव की कोशिश अपने गेम से सनसनी मचाने की होगी।

यह भी पढ़ें:

भुवनेश्वर कुमार सिर्फ 2 विकेट दूर, IPL के इतिहास में ऐसा करने वाले बनेंगे सिर्फ दूसरे गेंदबाज

'वहां मेरा समय खत्म हो गया था', संजू सैमसन ने बताई राजस्थान से नाता तोड़ने की वजह

Latest Cricket News