वैभव सूर्यवंशी जिनके नाम की गूंज पूरे वर्ल्ड क्रिकेट में देखने को मिल रही है और सभी को अब उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का बेसब्री से इंतजार है। सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह से अपने बल्ले का कमाल आईपीएल 2026 के सीजन में दिखाया है उसके बाद वह कई ऑल टाइम रिकॉर्ड को चकनाचूर करते हुए नजर आए। आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रनों की धुआंधार पारी खेली जिसमें उनके बल्ले से कुल 12 छक्के देखने को मिले। वैभव की इस पारी के बाद क्रिकेट जगत के कई मौजूदा और पूर्व खिलाड़ियों ने 15 साल के इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ की जिसमें एक नाम क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर का भी शामिल है।
सचिन की तारीफ से गदगद हुए वैभव सूर्यवंशी
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी के पास आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका था, लेकिन वह इससे चूक गए। हालांकि इसके बावजूद उनकी बल्लेबाजी की तारीफ हर कोई करता नजर आया। क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने भी वैभव की इस बेहतरीन पारी के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उनकी तारीफ करने के साथ लिखा कि वैभव सूर्यवंशी के बल्ले का स्विंग काफी जबरदस्त है, वहीं इससे भी अधिक कमाल की बात ये है कि वह कितनी खूबसूरती से अपना अगला पैर हटाकर, पैरों की तरफ आने वाली गेंदों के लिए जगह बनाते हैं और फिर शॉट खेलते हैं। इसी आजादी की वजह से वह उस तरह से खेल पाते हैं जैसा वह खेलते हैं। यह पारी किसी शानदार करिश्मे से कम नहीं थी!
अब सचिन की तारीफ के बाद वैभव सूर्यवंशी भी काफी गदगद नजर आ रहे हैं, जिसमें आईपीएल वेबसाइट पर पोस्ट किए गए वीडियो में जब उनसे ध्रुव जुरेल के साथ बातचीत करते हुए इस बारे में पूछा गया तो वैभव ने कहा कि मुझे यह सच में बहुत अच्छा लग रहा है। इससे मुझे प्रेरणा मिलती है। आपने अभी मुझे इसके बारे में बताया। मुझे तो इसके बारे में पता भी नहीं था और जाहिर है, हर कोई जानता है कि सचिन सर 'क्रिकेट के भगवान' हैं। अगर उन्होंने इस तरह का कोई ट्वीट किया है, तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है कि उन्होंने मेरे बारे में बात की है। इसलिए जरूर यह मेरे लिए काफी गर्व की बात है।
प्लेऑफ में प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने वाले बने सबसे युवा खिलाड़ी
राजस्थान रॉयल्स को क्वालीफायर-2 में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले वैभव सूर्यवंशी को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी दिया गया, जिसमें वह आईपीएल प्लेऑफ मैचों में इस अवॉर्ड को जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। इससे पहले ये रिकॉर्ड वाशिंगटन सुंदर के नाम पर था जिन्होंने साल 2017 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ प्लेऑफ मैच में 17 साल की उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी निकल गए बहुत आगे, आजू- बाजू भी नहीं कोई बल्लेबाज
ऑरेंज कैप की रेस में आया नया मोड़, वैभव सूर्यवंशी के आगे पस्त हुई दुनिया
Latest Cricket News