इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का एलिमिनेटर मुकाबला 27 मई को न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर के स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच में खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम जहां क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस की टीम का सामना करेगी तो वहीं हारने वाली टीम का सफर खत्म हो जाएगा। ऐसे में दोनों टीमों के प्लेयर्स पर मुकाबले के दौरान काफी दबाव रहने वाला है। इसी में सबसे ज्यादा फैंस की किसी एक प्लेयर पर नजरें रहने वाली हैं तो वह 15 साल के बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं जिनका इस आईपीएल सीजन में बल्ले से जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला है। ऐसे में उनका सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल में अब तक कैसा रिकॉर्ड रहा उसको लेकर हम आपको बताने जा रहे हैं।
SRH के खिलाफ वैभव के बल्ले से देखने को मिली है शतकीय पारी
सनराइजर्स हैदराबाद टीम जहां अपनी खतरनाक बल्लेबाजी के लिए पहचानी जाती है तो वहीं उनके पास शानदार बॉलिंग अटैक भी है। वैभव सूर्यवंशी का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल में रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें उन्होंने अब तक सिर्फ 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह कुल 103 रन बना चुके हैं। वहीं वैभव के औसत को लेकर बात की जाए तो वह 51.50 का देखने को मिला है। वैभव सूर्यवंशी इसी आईपीएल सीजन में हैदराबाद के खिलाफ दोनों मुकाबले खेले हैं, जिसमें एक में जहां वह अपना खाता खोलने में कामयाब नहीं हो सके थे, तो अगले मैच में उन्होंने अपने बल्ले का कमाल दिखाने के साथ सिर्फ 37 गेंदों में 103 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली थी। वैभव सूर्यवंशी का सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ स्ट्राइक रेट 271.05 का देखने को मिला है। वैभव के बल्ले से एसआरएच के खिलाफ 5 चौके और 12 छक्के देखने को मिले हैं।
मुल्लांपुर के स्टेडियम में खेला है सिर्फ एक मुकाबला
राजस्थान रॉयल्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर के स्टेडियम में खेलना है, जिसमें यहां पर वैभव सूर्यवंशी ने अब तक सिर्फ एक मैच खेला है और वह इसी सीजन पंजाब किंग्स के खिलाफ लीग स्टेज के दौरान हुआ था। इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से 16 गेंदों में 43 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली थी, जिसमें उन्होंने तीन चौके और 5 छक्के भी लगाए थे। हालांकि एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव के लिए चीजें आसान नहीं रहने वाली हैं क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम उनके खिलाफ पूरी तैयारी के साथ मैदान पर खेलने उतरेगी।
ये भी पढ़ें
रजत पाटीदार ने टीम इंडिया के लिए कितने मैच खेले हैं, अब तक नहीं हुआ टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू
अब दो फेज में होगा आईपीएल! सितंबर- अक्टूबर में भी खेले जाएंगे मुकाबले, आखिर कब से होगा ये बदलाव
Latest Cricket News