वैभव सूर्यवंशी ने केवल 15 साल की उम्र में ही एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीत लिया। हालांकि ये टीम मेडल है, लेकिन फिर भी गोल्ड तो गोल्ड ही होता है। अब भारतीय टीम वहां से लौट आई है और उसका अगला मुकाबला वेस्टइंडीज से होगा। इस बात की संभावना काफी कम है कि उन्हें भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज के पहले मुकाबले की प्लेइंग इलेवन में मौका मिले। एशियन गेम्स में भी उन्हें दो मैच खेलने का मौका दिया गया, लेकिन उसमें उनके बल्ले से ज्यादा रन नहीं आ सके।
भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज के पहले मैच में वैभव का खेलना मुश्किल
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का आगाज 6 अक्टूबर से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला लखनऊ में खेला जाना है। इस सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान बीसीसीआई की ओर से पहले ही कर दिया गया था। अब जब भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी20 मैच खेला जाएगा। उसमें उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की पारी का आगाज करेंगे। इसके बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर का नंबर आएगा। तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल का खेलना भी करीब करीब तय सा नजर आ रहा है। इसके बाद गेंदबाजों की बारी आएगी। यानी कहीं भी उनके लिए स्लॉट खाली नहीं नजर आ रहा है। हालांकि वैभव एक ओपनर हैं और वे वहीं पर फिट होते हैं। एशियन गेम्स के दो मैचों में वैभव अभिषेक के साथ पारी का आगाज करने आए थे। संजू सैमसन तीसरे नंबर पर उतरे। इस दौरान ना तो वैभव के रन बने और ना ही संजू ही कुछ कर सके। ऐसे में हो सकता है कि संजू को फिर से ओपनिंग का काम दिया जाए।
एशियन गेम्स के पहले मैच में 39 और दूसरे में केवल 15 रन बनाकर आउट हो गए
एशियन गेम्स में वैभव सूर्यवंशी को दो मैच खेलने का मौका मिला। लेकिन वे फिर से प्रभावित करने में कामयाब नहीं हो पाए। सेमीफाइनल में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 38 रनों की एक छोटी, लेकिन तेज पारी खेली। इसके बाद जब पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल की बारी आई तो वैभव केवल 15 ही रन बनाकर आउट हो गए। वैभव ने चौके और छक्के तो खूब लगाए, लेकिन वे अपनी पारी को बड़ा नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में उनका आगामी सीरीज में खेलना मुश्किल दिख रहा है।
पहले टी20 मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।
यह भी पढ़ें
भारत और वेस्टइंडीज पर आईसीसी का सख्त एक्शन, आखिर क्यों लिया ऐसा फैसला
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में गोल्ड जीतकर वापस लौटी टीम इंडिया, फाइनल में पाकिस्तान को दी थी पटकनी
Latest Cricket News