वैभव सूर्यवंशी को एक और मौका मिलने जा रहा है, जो काफी अहम है। वे इस वक्त दलीप ट्रॉफी में खेल रहे हैं, जिसमें वो जिस टीम से खेल रहे है, वो ईस्ट जोन फाइनल में पहुंच चुकी है। अब तक उन्होंने दलीप ट्रॉफी के इस सीजन दो मैच खेले हैं और केवल एक ही हाफ सेंचुरी उनके बल्ले से आई है। वैसे भी अभी तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में वैभव उस तरह का कमाल नहीं दिखा पाए हैं, जिसकी उम्मीद उनसे की जा रही है। अब वे रविवार को फिर से खेलने के लिए मैदान में उतरेंगे।
ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच होगा दलीप ट्रॉफी का फाइनल मैच
दलीप ट्रॉफी के फाइनल की दो टीमें पक्की हो चुकी हैं। ईस्ट जोन की कमान ईशान किशन के पास है, वहीं साउथ जोन की कप्तानी तिलक वर्मा कर रहे हैं। इन दोनों के बीच खिताब के लिए फाइनल में आमना सामना होगा। मैच 6 सितंबर यानी रविवार से शुरू होगा, जो कि चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। ईस्ट जोन से ही वैभव सूर्यवंशी खेलते हैं।
दो मैच, तीन पारियां और केवल एक ही अर्धशतक
वैभव जब नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में उतरे तो वे पहली पारी में केवल आठ रन बनाकर आउट हो गए। मैच की दूसरी पारी में उनकी बल्लेबाजी नहीं आई। इसके बाद जब सेमीफाइनल में वे सेंट्रल जोन के खिलाफ उतरे तो पहली पारी में जरूर उन्होंने 92 रन बनाए, लेकिन दूसरी पारी में केवल 40 रन बनाकर आउट हो गए। यानी दो मैचों की तीन पारियों में केवल एक अर्धशतक उनके नाम पर है।
अब तक ऐसा रहा है वैभव का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में रिकॉर्ड
टी20 क्रिकेट में अपने बैट से धमाका करने वाले वैभव का प्रथम श्रेणी में रिकॉर्ड कुछ खास नहीं रहा है। वे 10 मैचों की 15 पारियों में केवल 347 रन ही बना सके हैं। इसमें दो अर्धशतक उनके नाम हैं। यहां उनका औसत 23.13 का, जिसे अच्छा तो नहीं कहा जा सकता। अब उनके पास मौका होगा कि ईस्ट जोन को ना केवल खिताब जिताएं, बल्कि खुद भी बड़ी पारी खेलें। अब वे पहले ही दिन बैटिंग के लिए आएंगे या फिर इंतजार करना पड़ेगा, ये तो रविवार को ही पता चलेगा।
यह भी पढ़ें
भारत में होगी चैंपियंस ट्रॉफी 2027, पाकिस्तान क्रिकेट टीम को क्यों नहीं मिली एंट्री
वीवीएस लक्ष्मण बने टीम इंडिया के हेड कोच, एशियन गेम्स में संभालेंगे जिम्मेदारी
Latest Cricket News