Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी करने का मौका मिला। वैभव अभी केवल 14 साल के हैं, इसलिए जाहिर है कि वे अंडर 19 टीम की कप्तानी कर रहे थे, लेकिन कप्तानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी के बाद भी उनकी बल्लेबाजी पर इसका असर नहीं दिखा। तीन वनडे मैचों की सीरीज में साउथ अफ्रीका का भारत ने सूपड़ा साफ कर दिया, लेकिन इसके बाद भी वैभव आईसीसी अंडर 19 विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी नहीं करेंगे।
15 जनवरी से खेला जाएगा आईसीसी अंडर 19 विश्व कप 2026
आईसीसी की ओर से इसी साल टी20 विश्व कप का आयोजन किया जाना है। ये वनडे फॉर्मेट पर होगा। अब इसमें ज्यादा वक्त नहीं है। पहला ही मैच 15 जनवरी को खेला जाएगा। यानी बस एक ही सप्ताह का वक्त बाकी है। पहले दिन भारत और यूएसए की अंडर 19 टीमें आमने सामने होंगी। विश्व कप के मैच साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे में खेले जाएंगे, इसी के मद्देनजर भारतीय टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली। वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में भारत ने बड़ी आसानी और बड़े अंतर से तीनों मैच जीतकर विरोधी टीम का सूपड़ा साफ कर दिया।
आईसीसी अंडर 19 विश्व कप में भारत की कप्तानी करेंगे आयुष म्हात्रे
भले ही वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में टीम इंडिया ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए तीनों मैच अपने नाम कर लिए हों, लेकिन ध्यान देने वाली बात ये है कि अंडर 19 विश्व कप में वैभव के हाथ में कमान नहीं होगी। इस टूर्नामेंट में भारतीय की कप्तानी आयुष म्हात्रे करते हुए नजर आएंगे, जो इससे पहले एशिया कप में भी भारत की अंडर 19 टीम के कप्तान थे। दरअसल इस तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए आयुष म्हात्रे पूरी तरह से फिट नहीं थे, उन्होंने ये सीरीज मिस की थी, इसलिए वैभव सूर्यवंशी का कप्तानी का मौका मिला था। अब जैसे ही आयुष म्हात्रे की वापसी होगी, वैभव सूर्यवंशी का काम केवल बल्लेबाजी का ही रह जाएगा।
मार्च में 15 साल के होंगे वैभव
वैभव सूर्यवंशी अभी केवल 14 साल के हैं और मार्च में वे 15 साल के हो जाएंगे। यानी वैभव के पास अभी कप्तानी करने के लिए काफी समय बचा हुआ है। फिलहाल वे अपनी बल्लेबाजी से टीम इंडिया को विश्व कप दिलाने के लिए कोशिश करते हुए नजर आएंगे। देखना है कि टीम इंडिया का प्रदर्शन इस विश्व कप में कैसा रहता है।
अंडर 19 विश्व कप के लिए भारत की टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी दीपेश, मोहम्मद एनान, एरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उधव मोहन, हेनिल पटेल, खिलान ए पटेल, हरवंश सिंह, वेदांत त्रिवेदी।
यह भी पढ़ें
IND vs BAN: तनाव के बीच इस दिन भारत बनाम बांग्लादेश मुकाबला, इस टूर्नामेंट में होगी टक्कर
अर्जुन तेंदुलकर ने आखिर खोला अपना खाता, पिता से होती थी जिसकी तुलना, उसे ही निपटाया
Latest Cricket News