1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टी20 एशिया कप में केवल दो ही बल्लेबाज लगा सके हैं सेंचुरी, एक तो विराट कोहली, दूसरा कौन?

टी20 एशिया कप में केवल दो ही बल्लेबाज लगा सके हैं सेंचुरी, एक तो विराट कोहली, दूसरा कौन?

अब तक दो बार टी20 फॉर्मेट पर एशिया कप खेला गया है, अब तीसरा मौका आने वालेा है। इस दौरान दो ही शतक भी लगे हैं।

virat kohli- India TV Hindi
Image Source : AP विराट कोहली

 

एशिया कप की तैयारी एक बार फिर से शुरू हो चुकी है। टूर्नामेंट का आगाज 9 सितंबर को होगा। इस बार इसमें कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। अगले साल टी20 वर्ल्ड कप भी होना है, इसलिए एशिया कप टी20 फॉर्मेट पर खेला जाएगा। लेकिन आपको जानकर ताज्जुब होगा कि टी20 एशिया कप में अब तक केवल दो ही बल्लेबाज शतक लगा पाए हैं। क्या इस बार तीसरा शतक आएगा, इसका जरूर इंतजार रहेगा। 

तीसरी बार टी20 फॉर्मेट पर हो रहा है एशिया कप

ये बात पहले से ही तय है कि जिस भी फॉर्मेट का वर्ल्ड कप अगले साल होगा, उसी पर एशिया कप खेला जाएगा। वैसे तो एशिया कप का इतिहास काफी पुराना है, लेकिन टी20 फॉर्मेट में पर अब तक दो ही बार इस टूर्नामेंट का आयोजन हुआ है। पहली बार साल 2016 में और इसके बाद साल 2022 में टी20 वर्ल्ड कप के कारण एशिया कप टी20 पर खेला गया है। अब तीसरी बार ऐसा मौका आ रहा है। 

बाबर हयात ने लगाई थी टी20 एशिया कप में पहली सेंचुरी

इस वक्त हर रोज कहीं ना कहीं टी20 मुकाबला होता ही रहता है और खूब सेंचुरी भी लगती हैं, लेकिन टी20 एशिया कप की बात की जाए तो इसके टी20 फॉर्मेट पर केवल दो ही शतक अब तक लगे हैं। साल 2016 में जब पहली बार टी20 एशिया कप खेला गया था, तब हॉन्गकॉन्ग के बल्लेबाज बाबर हयात ने ओमान के खिलाफ 60 बॉल पर 122 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी। उस साल उसके बाद कोई शतक नहीं आया। 

विराट कोहली ने भी एशिया कप टी20 में लगाया है शतक

इस लिस्ट में दूसरा नाम विराट कोहली का आता है। साल 2022 में जब टी20 फॉर्मेट पर फिर से एशिया कप हुआ तो अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने 61 बॉल पर नाबाद 122 रन ठोकने का काम किया था। मजे की बात ये है कि विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल में केवल एक ही शतक लगाया है और वे एशिया कप में ही आया है। अब देखना है कि इस साल क्या कोई और खिलाड़ी शतकीय पारी खेलता है या फिर ये लिस्ट दो बल्लेबाजों पर ही थमी रहती है। 

Latest Cricket News