A
Hindi News खेल क्रिकेट Virat Kohli Century: विराट कोहली ने वनडे में किस देश के खिलाफ जड़े कितने शतक, यहां देखे उनका पूरा रिकॉर्ड

Virat Kohli Century: विराट कोहली ने वनडे में किस देश के खिलाफ जड़े कितने शतक, यहां देखे उनका पूरा रिकॉर्ड

IND vs SA: विराट कोहली का साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में भी बल्ले से 102 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी देखने को मिली। कोहली की ये इंटरनेशनल क्रिकेट में 84वीं शतकीय पारी भी है।

Virat Kohli- India TV Hindi Image Source : PTI विराट कोहली

विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में जिस तरह से शतकीय पारी खेली है, उसके बाद उनके साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में खेलना लगभग तय दिख रहा है। ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर खेली गई इससे पहले वनडे सीरीज में कोहली शुरुआती 2 मैचों में अपना खाता भी खोलने में कामयाब नहीं हो सके थे, तो वहीं तीसरे मैच में उनके बल्ले से अर्धशतकीय पारी देखने को मिली थी। वहीं विराट कोहली ने अपने इसी फॉर्म को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में जारी रखते हुए पहले मुकाबले में जहां शतकीय पारी खेली तो वहीं रायपुर के मैदान पर खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में भी कोहली के बल्ले से शतकीय पारी देखने को मिली। कोहली का ये वनडे में 53वां शतक है, जिसमें अफ्रीकी टीम के खिलाफ 7वीं शतकीय पारी है।

कोहली ने अब तक श्रीलंका के खिलाफ लगाए हैं सबसे ज्यादा वनडे शतक

वनडे फॉर्मेट में विराट कोहली अभी सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पहले नंबर पर काबिज हैं, जिसमें उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ पाना अभी किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान काम नहीं है। कोहली ने अपने वनडे करियर में अभी तक सबसे ज्यादा सेंचुरी श्रीलंका की टीम के खिलाफ लगाई हैं, जिसमें कोहली ने 56 मैचों में खेलते हुए 54 पारियों में बल्लेबाजी की है और उसमें उनके बल्ले से 10 शतकीय पारियां देखने को मिली हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज की टीम है, जिसके खिलाफ विराट कोहली ने 43 मैचों में खेलते हुए 9 शतकीय पारियां खेली हैं। वनडे में कोहली जहां शतक लगाने के मामले में पहले नंबर पर काबिज हैं तो वहीं दूसरे नंबर पर 49 शतकीय पारियों के साथ सचिन तेंदुलकर का नाम है जो इंटरनेशनल क्रिकेट से काफी पहले रिटायरमेंट ले चुके हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर 33 शतकीय पारियों के साथ रोहित शर्मा काबिज हैं। विराट कोहली ने अभी तक अपने वनडे करियर में कुल 14 देशों के खिलाफ मुकाबले खेले हैं, जिसमें वह 9 देशों के खिलाफ शतकीय पारियां खेलने में कामयाब हुए हैं।

वनडे में कोहली ने इन देशों के खिलाफ खेली हैं शतकीय पारी

देश कितने शतक लगाए
श्रीलंका 10
वेस्टइंडीज 9
ऑस्ट्रेलिया 8
साउथ अफ्रीका 7
न्यूजीलैंड 6
बांग्लादेश 5
पाकिस्तान 4
इंग्लैंड 3
जिम्बाब्वे 1

तीसरे वनडे में कोहली के पास बड़ा कारनामा करने का मौका

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में विराट कोहली 102 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। वहीं अब कोहली के पास इस सीरीज के तीसरे मुकाबले में एक बड़ा कारनामा करने का मौका होगा, जिसमें अब तक वर्ल्ड क्रिकेट में सिर्फ सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा ऐसा करने में कामयाब हो सके हैं। कोहली तीनों फॉर्मेट मिलाकर 28000 रनों का आंकड़ा पूरा करने से अब सिर्फ 90 रन दूर हैं, जिसमें यदि वह अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में होने वाले तीसरे वनडे मैच में ऐसा करने में कामयाब होते हैं तो इंटरनेशनल क्रिकेट में 28000 रनों को पूरा करने वाले अब तक के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बनेंगे।

ये भी पढ़ें

IND vs SA: कोहली के बल्ले से रायपुर वनडे में निकली दनदनाती सेंचुरी, इस मामले में अब सिर्फ सचिन से पीछे

ऋतुराज गायकवाड़ ने रायपुर में बल्ले से किया कमाल, जड़ दिया अपने वनडे करियर का पहला शतक

Latest Cricket News