A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'भारी नुकसान झेलना पड़ेगा’, IND vs PAK मैच के बहिष्कार पर विराट कोहली के कोच का आया रिएक्शन

'भारी नुकसान झेलना पड़ेगा’, IND vs PAK मैच के बहिष्कार पर विराट कोहली के कोच का आया रिएक्शन

T20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले ही भारत और पाकिस्तान मैच पर संकट के बादल घिर गए हैं। दरअसल, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है।

IND vs PAK - India TV Hindi
Image Source : AFP भारत बनाम पाकिस्तान

IND vs PAK: ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले से हटने के पाकिस्तान सरकार के फैसले पर विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और हैरान करने वाला करार देते हुए कहा कि इस फैसले से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB), वहां के क्रिकेट फैंस और खुद खिलाड़ियों को भारी नुकसान होगा।

राजकुमार शर्मा की यह प्रतिक्रिया उस फैसले के बाद आई है, जिसमें पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर न उतरने का ऐलान किया। पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा था कि पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। ANI से बातचीत में राजकुमार शर्मा ने कहा कि यह फैसला समझ से परे है और क्रिकेट से ज्यादा राजनीति से प्रेरित नजर आता है।

PCB को झेलना पड़ेगा नुकसान

उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और अजीब फैसला है। अब तक पाकिस्तान की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। पहले उन्होंने बांग्लादेश के भारत न आने के पक्ष में वोट किया और अब खुद भारत के खिलाफ खेलने से पीछे हट गए। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

राजकुमार शर्मा ने साफ तौर पर कहा कि इस फैसले का सबसे बड़ा नुकसान पाकिस्तान को ही होगा। इससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। यह पाकिस्तान की जनता के लिए भी नुकसान है, जो भारत के खिलाफ अपनी टीम को खेलते देखना चाहती है। यह उनके खिलाड़ियों के लिए भी नुकसान है। मुझे लगता है कि पीसीबी को इस फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए।

IND vs PAK का अपना अलग महत्व

उन्होंने यह भी माना कि मौजूदा समय में क्रिकेट में भारतीय टीम पाकिस्तान से काफी आगे है, लेकिन इसके बावजूद भारत-पाकिस्तान मुकाबले का अपना अलग महत्व होता है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के लिहाज से भारत इस समय पाकिस्तान से काफी आगे है, लेकिन यह पूरी तरह से राजनीतिक फैसला है। उन्हें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि इस फैसले के बाद ICC क्या कदम उठाता है, क्योंकि इससे PCB को और बड़ा नुकसान हो सकता है।  उन्हें उम्मीद है कि वे इस फैसले पर फिर से विचार करेंगे। भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर पहले ही विवाद गहराता जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है और ऐसे में पाकिस्तान का यह रुख ICC के सामने भी नई चुनौती पेश कर रहा है।

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK: पाकिस्तान पीछे हटा, लेकिन टीम इंडिया निभाएगी पूरी जिम्मेदारी, करेगी ये सारे बड़े काम

हम कुछ नहीं कर सकते…’ भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने पर पाकिस्तानी कप्तान ने दिया बड़ा बयान

Latest Cricket News