Virat Kohli: विराट कोहली का आईपीएल जीतने का सपना पूरा हो गया है। हालांकि इसमें भले ही 18 साल लग गए, लेकिन आरसीबी ने इस तरह का प्रदर्शन किया कि पंजाब किंग्स की टीम उससे पार नहीं पा सकी। ये ना केवल आरसीबी, बल्कि विराट कोहली के फैंस के लिए भी जश्न मनाने का वक्त है। हालांकि अगर आप विराट कोहली के फैन हैं तो आपको थोड़ी सी निराशा भी हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि विराट कोहली अब जल्द मैदान पर नजर नहीं आएंगे। उन्हें फिर से मैदान पर बल्लेबाजी करते हुए देखने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज में विराट कोहली नहीं खेलेंगे
आईपीएल के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के दौरे पर जाने वाली है। कई खिलाड़ी तो इंग्लैंड पहुंच भी चुके हैं और अपनी अपनी तैयारियों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन इसमें कोहली शामिल नहीं हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। विराट कोहली ने इस सीरीज के लिए टीम के ऐलान से पहले ही अचानक टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया था, ऐसे में वे इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। यानी जब तक सीरीज चलेगी, तब तक विराट कोहली क्रिकेट के मैदान पर दिखाई नहीं देंगे।
अगस्त में होगी विराट कोहली की मैदान पर वापसी
अगर आपको विराट कोहली को फिर से क्रिकेट के मैदान में देखना है तो इसके लिए अगस्त तक इंतजार करना पड़ेगा। भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के बाद भारतीय टीम बांग्लादेश के दौरे पर जाएगी। वहां तीन वनडे मैचों की सीरीज होगी। विराट कोहली ने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से रिटायरमेंट लिया है, लेकिन वनडे अभी वे खेलते रहेंगे। भारत बनाम बांग्लादेश सीरीज का पहला मुकाबला 17 अगस्त को खेला जाएगा। इस दिन कोहली की वापसी होगी।
भारत और बांग्लादेश के बीच वनडे के बाद होगी टी20 सीरीज
भारत बनाम बांग्लादेश तीन टेस्ट मैचों की सीरीज दूसरा मैच 20 अगस्त को और तीसरा मुकाबला 23 अगस्त को खेला जाएगा। इसके बाद ये सीरीज खत्म हो जाएगी। हालांकि टीम इंडिया का दौरा जारी रहेगा। भारत और बांग्लादेश के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेले जाएंगे, लेकिन इसमें भी कोहली नहीं होंगे। यानी कुल मिलाकर देखा जाए तो टीम इंडिया तो एक्शन में रहेगी, लेकिन विराट कोहली की बल्लेबाजी देखने के लिए आपको इंतजार करना पड़ता रहेगा।
Latest Cricket News