1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Virat 'Perspective' Tweet: विराट कोहली ने इशारों-इशारों में निकाली भड़ास, तीसरे वनडे से पहले वायरल हुई उनकी ये ट्वीट

Virat 'Perspective' Tweet: विराट कोहली ने इशारों-इशारों में निकाली भड़ास, तीसरे वनडे से पहले वायरल हुई उनकी ये ट्वीट

Virat Kohli Tweets: विराट कोहली अपने करियर के सबसे खराब दौर से रुबरु हैं। टीम में उनकी स्थिति पर तरह - तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इन सबके बीच उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक खास ट्वीट किया है।

Virat Kohli- India TV Hindi
Image Source : GETTY Virat Kohli

Highlights

  • विराट कोहली का फॉर्म से संघर्ष जारी
  • टीम में कोहली की जगह पर हर तरफ हो रही बहस
  • विराट कोहली ने किया खास ट्वीट

Virat Kohli Tweets: विराट कोहली मुश्किलों से घिरे हैं। पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव जैसी शख्सियतें उन पर हमले कर रही हैं, तो भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम जैसे स्पोर्टिंग आइकॉन उनके सपोर्ट में सामने भी आ रहे हैं। कोहली वेस्टइंडीज टूर पर जाने वाली भारतीय टीम से बाहर बैठते हैं और कयासों का बाजार गर्म हो जाता है। इन सबके बीच कोहली परिवार के साथ निजी समारोह में जाते हैं, तो मीडिया वहां भी मजे ले लेता है। ये हर तरह से उनके लिए एक खराब दौर साबित हो रहा है।

कोहली मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर खेल के तीनों फॉर्मेट में 5 पारियां खेल चुके हैं और वे एकबार भी 20 रन के पार नहीं जा सके। सीरीज के दूसरे वनडे में जिस तरह से वे डेविड विली की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर इंग्लिश कप्तान विकेटकीपर जॉस बटलर के हाथों लपके गए उसके बाद पूर्व पाकिस्तानी कप्तान राशिद लतीफ जैसे लोग अब उनकी तकनीक पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।

पूर्व महान भारतीय ऑलराउंडर कपिल देव ने तो इस घटना के पहले ही उन्हें टीम से बाहर किए जाने की सलाह दे दी थी। लेकिन भारतीय कप्तान रोहित और इंग्लैंड के कप्तान बटलर पूरी दिलेरी के साथ कोहली के बचाव में सामने आए। पाकिस्तानी कप्तान बाबर ने उन्हें इस मुश्किल घड़ी में मजबूत बने रहने का संदेश दिया।

पूर्व भारतीय कप्तान के फॉर्म से संघर्ष पर लगातार बहस जारी है। इन सबके बीच 33 साल के विराट ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया। इसका सिर्फ एक शब्द का कैप्शन है, जिसके गहरे मायने हो सकते हैं। उन्होंने लिखा- “पर्सपेक्टिव”, यानी परिप्रेक्ष्य या संभावना या फिर योजना। उनके पोस्ट में लगी तस्वीर में एक प्रेरणादायी लाइन भी लिखी है- “अगर मैं गिर गया तो? ओह, लेकिन डार्लिंग, अगर तुम उड़ने लगो तो?”

ये प्रेरक लाइन संघर्ष से गुजर रहे किसी इंसान को बेहतर करने की प्रेरणा दे सकती है। साथ ही किसी खास काम में खुद पर ही शक कर रहे शख्स को उत्साहित भी कर सकती है। फैंस लंबे अरसे से कोहली से इसी उत्साह की उम्मीद भी कर रहे हैं।          

Latest Cricket News