A
Hindi News खेल क्रिकेट भारतीय खिलाड़ी को मिला इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड, ऑस्ट्रेलिया में जिताए मैच

भारतीय खिलाड़ी को मिला इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड, ऑस्ट्रेलिया में जिताए मैच

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत के वॉशिंगटन सुंदर ने दमदार खेल दिखाया है और वह टीम के लिए सबसे मैच विनर उभरे हैं। उन्होंने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों डिपार्टमेंट में अच्छा किया है।

washington sundar- India TV Hindi Image Source : AP वॉशिंगटन सुंदर

भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। सीरीज में भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने कमाल का प्रदर्शन किया है। वह कप्तान और टीम मैनेजमेंट की उम्मीदों पर बिल्कुल खरे उतरे हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी उनकी तारीफ की थी। अब सीरीज खत्म होने के बाद उन्हें ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड मिला है। यह अवॉर्ड बीसीसीआई द्वारा सीरीज में अच्छा करने वाले प्लेयर को दिया जाता है।

तीसरे टी20 मैच में खेली दमदार पारी

26 साल के वॉशिंगटन सुंदर के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी का अवॉर्ड लेने के बाद कहा कि यहां आना और ऑस्ट्रेलिया में खेलने का मौका मिलना अद्भुत है। टीम की जीत में योगदान देकर मुझे बहुत खुशी हुई। भारत की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में जीत के दौरान सुंदर के प्रदर्शन ने टीम के लिए उनकी उपयोगिता साबित की। होबार्ट में तीसरे टी20 मैच में हालांकि सुंदर को गेंदबाज के रूप में इस्तेमाल नहीं किया गया था और उन्हें बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया। इसमें उन्होंने 23 गेंद में चार छक्कों और तीन चौकों की मदद से 49 रन बनाकर मैच विजयी पारी खेली और भारत को पांच विकेट से जीत दिलाई जिससे सीरीज 1-1 से बराबर हो गई।

चौथे टी20 मैच में हासिल किए तीन विकेट

फिर चौथे मैच में भी उन्होंने 1.2 ओवर्स में तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को ढेर कर दिया जिससे भारत 48 रन से जीत गया। इस जीत ने आखिर में सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम को सीरीज 2-1 से जीतने में मदद की क्योंकि गाबा में पांचवां मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। सुंदर ने टीम के सीओओ राहिल खाजा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनसे यह पदक पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। हम जानते हैं कि वह (खाजा) हमारे कई कामों को आसान बनाने के लिए हर दिन कितनी मेहनत करते हैं।

T20I क्रिकेट में सुंदर का है दमदार रिकॉर्ड

वॉशिंगटन सुंदर का टी20 इंटरनेशनल के 57 मैच का रिकॉर्ड प्रभावशाली है। उनका गेंदबाजी औसत 22 से थोड़ा ज्यादा है जिसमें उनकी इकॉनोमी सात से कम है। उनका बल्लेबाजी स्ट्राइक रेट 134 से ज्यादा है। वह टेस्ट मैचों में भी टीम इंडिया के लिए उपयोगी साबित हुए हैं। उन्होंने 57 T20I मैचों में 51 विकेट झटके हैं। इसके अलावा वह अभी तक 254 रन भी बना चुके हैं।

Latest Cricket News