वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलियन कप्तान का बड़ा ऐलान, कहा- टीम हर चुनौती से निपटने को तैयार
ICC वूमेन्स वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन भारत और श्रीलंका में होना हैं। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगी।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली का कहना है कि उनकी टीम भारतीय उपमहाद्वीप में होने वाले महिला ODI वर्ल्ड कप में किसी भी परिस्थिति से पार पाने के लिए पूरी तरह तैयार है। सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 30 सितंबर से भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। ICC से बातचीत में हीली ने कहा कि इस टूर्नामेंट में खेलने को लेकर वह बेहद रोमांचित हूं। हालांकि यहां की परिस्थितियां हमारे लिए अलग तरह की चुनौती पेश करेंगी, लेकिन टीम का संतुलन ऐसा है कि हम हर हालात में खुद को ढाल सकते हैं। हमारे पास हर विभाग में गहराई है और यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
भारतीय सरजमीं क्रिकेट के लिए बेहद खास
35 साल की विकेटकीपर-बल्लेबाज हीली पहली बार वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम की अगुवाई करेंगी। हाल ही में चयनकर्ताओं ने टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसमें लंबे समय तक चोट से बाहर रहने के बाद लेफ्ट-आर्म स्पिनर सोफी मोलिनक्स की वापसी हुई है। मोलिनक्स और जॉर्जिया वेयरहम की स्पिन जोड़ी एशियाई पिचों पर ऑस्ट्रेलिया की सफलता के लिए अहम मानी जा रही है।
भारत को लेकर हीली ने कहा कि यह क्रिकेट खेलने के लिए बेहद खास जगह है। जिस तरह से भारतीय अपनी क्रिकेट से प्यार करते हैं और जिस तरह से इसे आत्मसात करते हैं उसे देखते हुए यह एक क्रिकेटर के लिए क्रिकेट खेलने के लिए खास जगह बन जाती है।
ऑस्ट्रेलियन टीम भारत में खेलेगी ODI सीरीज
वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज भी खेलेगी, जो उनकी तैयारी की असली परीक्षा होगी। हीली ने कहा कि उनकी टीम का मकसद लगातार उच्च स्तर का प्रदर्शन करना और लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचना है। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि किसी ने पिछले कुछ समय से लगातार दो वर्ल्ड कप जीते हैं और ऐसे कई मुकाम हैं जिन्हें हम हासिल करना चाहेंगे। वर्ल्ड कप जीतना खास है, ये हमारे खेल का चरम है। इसलिए, हम जानते हैं कि हमें वहां जाकर लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
