A
Hindi News खेल क्रिकेट T20 World Cup: वेस्टइंडीज ने किया धमाका, सुपर 8 के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बनी

T20 World Cup: वेस्टइंडीज ने किया धमाका, सुपर 8 के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बनी

वेस्टइंडीज लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मे सबसे पहले जगह बनाने वाली टीम बन गई है।

West Indies- India TV Hindi Image Source : AFP वेस्टइंडीज

WI qualify for Super 8s: ICC T20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी और इसी के साथ सुपर 8 स्टेज के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली टीम बन गई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में कैरेबियाई टीम ने हर विभाग में दबदबा दिखाया और लक्ष्य को महज 15.2 ओवर में हासिल कर लिया। जेसन होल्डर को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 4 विकेट चटकाए। बता दें, वेस्टइंडीज की यह टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत है। अब टीम अपने चौथे ग्रुप स्टेज मुकाबले में 19 फरवरी को इटली का सामना करेगी।

वेस्टइंडीज ने दिखाया दम

नेपाल के खिलाफ वेस्टइंडीज की शानदार जीत के हीरो कप्तान शे होप रहे, जिन्होंने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के जड़े। उनके साथ शिमरोन हेटमायर ने भी शानदार योगदान दिया। हेटमायर 46 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन साझेदारी ने 134 रन के लक्ष्य को आसान बना दिया। इस तरह वेस्टइंडीज ने 28 गेंद शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इससे पहले नेपाल ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 133 रन बनाए। नेपाल की ओर से दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 47 गेंदों में 58 रन की जुझारू पारी खेली, जबकि सोमपाल कामी 26 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा।

जेसन होल्डर ने गेंद से बरपाया कहर

वेस्टइंडीज की ओर से गेंदबाजी में अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट चटकाए और नेपाल के बल्लेबाजों को संभलने का मौका नहीं दिया। उनके अलावा चार अन्य गेंदबाजों ने भी एक-एक विकेट हासिल किया। तीन मैचों में लगातार तीन जीत के साथ वेस्टइंडीज ग्रुप सी में शीर्ष पर पहुंच गया है और आत्मविश्वास से लबरेज नजर आ रहा है। टीम का यह प्रदर्शन साफ संकेत देता है कि वे इस टूर्नामेंट में खिताब के मजबूत दावेदारों में शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK: कोलंबो से पहले बैंकॉक में भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, जानिए कब और कैसे देख पाएंगे LIVE

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मुकाबले में बारिश बनेगी विलेन? सामने आई कोलंबो की वेदर रिपोर्ट

Latest Cricket News