कप्तान के तौर पर वनडे में कैसा है केएल राहुल का रिकॉर्ड, जीत चुके हैं इतने मुकाबले
साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए केएल राहुल को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इस सीरीज में शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर चोट की वजह से नहीं खेलेंगे।

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इस वक्त दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई की सीनियर मेंस सेलेक्शन कमिटी ने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस वनडे सीरीज में केएल राहुल टीम इंडिया की अगुवाई करते हुए नजर आएंगे। टीम इंडिया के रेगुलर वनडे कप्तान शुभमन गिल चोट की वजह से इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं। वहीं श्रेयस अय्यर भी चोट की वजह से इस सीरीज से बाहर हैं।
कप्तान के तौर पर केएल राहुल का प्रदर्शन
केएल राहुल की बात करें तो वह इससे पहले ही वनडे में टीम इंडिया की कप्तानी कर चुके हैं। राहुल अब तक वनडे में 12 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी कर चुके हैं। इस दौरान उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 8 मैच जीते हैं, वहीं 4 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। वनडे में कप्तान के तौर पर उनका जीत प्रतिशत 66.66 का रहा है। अब आगामी वनडे सीरीज में टीम इंडिया के कप्तान के तौर पर केएल राहुल कैसा प्रदर्शन करते हैं ये देखना दिलचस्प होगा।
बतौर कप्तान 4 अर्धशतक लगा चुके हैं केएल राहुल
कप्तान के तौर पर बल्लेबाजी में उनके प्रदर्शन की बात करें तो वहां केएल राहुल ने 12 मैचों की 10 पारियों में 33.55 के औसत से 302 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 58 रन का रहा है, ये पारी उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में खेली थी। कप्तान के तौर पर वनडे में राहुल अब तक 4 अर्धशतकीय पारी खेल चुके हैं। इस सीरीज में भी वह बल्ले से बड़ी पारियां खेलना चाहेंगे।
2023 में केएल राहुल ने आखिरी बार की थी टीम इंडिया की कप्तानी
राहुल ने इससे पहले दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका दौरे पर टीम इंडिया की कप्तानी की थी। इस सीरीज को मेहमान टीम ने 2-1 से जीता था। आपको बता दें कि राहुल ने 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अवे टूर पर इस फॉर्मेट में अपनी कप्तानी करियर की शुरुआत की थी और वहां उनकी कप्तानी में टीम इंडिया को तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, राहुल के कप्तान रहते हुए पिछले नौ ODI मैचों में, भारत ने उनमें से आठ जीते हैं, जिसमें एकमात्र हार 2023 में तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आया था।
यह भी पढ़ें
ऋषभ पंत ने कर दिया ब्लंडर, सब कुछ जानते हुए भी कर बैठे नादानी