A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AUS: सेमीफाइनल में भारत के लिए बारिश न बन जाए रोड़ा, रद्द हुआ मुकाबला तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट

IND vs AUS: सेमीफाइनल में भारत के लिए बारिश न बन जाए रोड़ा, रद्द हुआ मुकाबला तो किसे मिलेगा फाइनल का टिकट

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल और फाइनल के लिए रिजर्व डे रखा गया है, सेमीफाइनल मैच रद्द होने पर प्वाइंट्स टेबल से फाइनलिस्ट चुने जाएंगे।

DY Patil Stadium, Navi Mumbai- India TV Hindi
Image Source : AP डी वाई पाटिल स्टेडियम, नवी मुंबई

आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 अपने सबसे रोमांचक चरण में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट में अब नॉकआउट मैच खेले जा रहे हैं। पहला सेमीफाइनल मैच साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच गुवाहाटी में खेला गया। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 30 अक्टूबर को खेला जाएगा। ये मैच नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में फैंस के मन में इस वक्त सबसे बड़ा सवाल ये है कि अगर ये मैच बारिश की वजह से नहीं हो पाया तो ऐसे में किस टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा।

 30 अक्टूबर को नवी मुंबई में हो सकती है भारी बारिश

पिछले कुछ दिनों से नवी मुंबई में लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। ऐसे में 30 अक्टूबर को भी नवी मुंबई में बारिश होने की पूरी संभावना है। Accuweather.com के अनुसार 30 अक्टूबर को नवी मुंबई में बारिश का पूर्वानुमान 65 प्रतिशत के आस पास है, सेमीफाइनल भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे शुरू होना है। लेकिन दोपहर के ही समय बारिश के पूरे आसार हैं। बारिश के प्रकोप इस मैच पर देखने को मिल सकता है। ऐसे में अब हम आपको बताएंगे कि अगर 30 अक्टूबर को मैच नहीं हो पाता है तो क्या होगा।

नॉकआउट मैच के लिए रखा गया है रिजर्व डे

आपको बता दें कि वर्ल्ड कप एक ICC टूर्नामेंट है। ऐसे में ICC ने इस मैच के लिए रिजर्व-डे रखा है। बारिश या किसी अन्य कारणों के चलते 30 अक्टूबर को अगर कम से कम 20-20 ओवरों का खेल संभव नहीं हो पाता है तो मैच रिजर्व डे (31 अक्टूबर) के दिन खेला जाएगा। मैच रिजर्व डे में वहीं से शुरू होगा, जहां रुका था. अगर एक बार टॉस हो गया तो मुकाबला 'लाइव माना जाएगा। हालांकि 31 अक्टूबर को भी नवी मुंबई में मौसम का पुर्वनुमान अच्छा नहीं है। इस दिन भी नवी मुंबई में बारिश की संभावना जताई गई है। 31 अक्टूबर को वहां 90 प्रतिशत बारिश होने की संभावना है। यानी उस दिन भी जमकर बारिश होने के आसार हैं।

रिजर्व डे भी हुआ रद्द तो क्या होगा?

अब सवाल यह है कि अगर रिजर्व डे में भी मैच का नतीजा नहीं निकला, तो कौन सी टीम फाइनल में जाएगी? ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा क्योंकि ऑस्ट्रेलिया पॉइंट्स टेबल में भारत से आगे था। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने लीग स्टेज में 7 में से 6 मैच जीते थे, जबकि एक मैच (श्रीलंका के खिलाफ) उसका बारिश के कारण रद्द हुआ था। वह लीग स्टेज में एक भी मैच नहीं हारे थे। वहीं टीम इंडिया की बात करें तो टीम ने लीग स्टेज में 3 मैच जीते, 3 हारे और एक मैच का नतीजा नहीं निकला था। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम अंकतालिका में चौथे स्थान पर रही थी। ऐसे में सेमीफाइनल मैच अगर रद्द होता है तो उस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया को फाइनल का टिकट मिलेगा।

यह भी पढ़ें

वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में चला कप्तान का बल्ला, जड़ दिया धमाकेदार शतक, कर दी वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

साउथ अफ्रीका के कप्तान ने बनाया नया रिकॉर्ड, ऐसा करने वाली बनी पहली खिलाड़ी

Latest Cricket News