1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी अब कब मैदान में होंगे? IPL में तहलका मचाने के बाद विदेशी धरती पर करेंगे गेंदबाजों की धुनाई

वैभव सूर्यवंशी अब कब मैदान में होंगे? IPL में तहलका मचाने के बाद विदेशी धरती पर करेंगे गेंदबाजों की धुनाई

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में जमकर महफिल लूटी। वैभव ने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने का बड़ा कारनामा किया। हालांकि, उनकी टीम खिताब नहीं जीत सकी।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
Image Source : AFP वैभव सूर्यवंशी

Vaibhav Sooryavanshi: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के चैंपियन बनने के साथ ही IPL 2026 का समापन हो गया। RCB ने लगातार दूसरी बार IPL का खिताब जीता। RCB भले ही खिताब जीतने में सफल रही, लेकिन सबसे ज्यादा महफिल 15 साल के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने लूटी। वैभव IPL 2026 में ऑरेंज कैप जीतने में कामयाब हुए। इस तरह वह IPL में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। वैभव ने 16 मैचों में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए 776 रन अपने नाम किए। इस दौरान वैभव का औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.31 का रहा। IPL 2026 में युवा बल्लेबाज को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए कई बड़े अवॉर्ड से नवाजा गया। 

विदेशी धरती पर एक्शन में होंगे वैभव

IPL के समाप्त होने के बाद अब वैभव विदेशी धरती पर जलवा बिखरेते नजर आएंगे। दरअसल, हाल ही में वैभव सूर्यवंशी को इंडिया-ए टीम में शामिल किया गया। वह आगामी ट्राई सीरीज में भारत-ए का प्रतिनिधित्व करेंगे, जहां श्रीलंका-ए और अफगानिस्तान-ए की टीमें भी हिस्सा लेंगी। इंडिया-ए अपने अभियान की शुरुआत 9 जून को मेजबान श्रीलंका-ए के खिलाफ करेगी। इस सीरीज के जरिए वैभव पहली बार विदेशी परिस्थितियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे। क्रिकेट एक्सपर्ट की नजरें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या वह IPL वाली फॉर्म को श्रीलंका में भी जारी रख पाते हैं।

2024 में खेला पहला फर्स्ट क्लास मैच

वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेट सफर भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। उन्होंने सिर्फ 12 साल की उम्र में बिहार के लिए रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने भारतीय U19 टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मात्र 58 गेंदों में शतक जड़कर सुर्खियां बटोरी थीं। अब IPL 2026 में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा सितारे बन चुके हैं। फैंस को उम्मीद होगी कि यह युवा बल्लेबाज जल्द ही भारत की सीनियर टीम की जर्सी में भी नजर आए। अगर वैभव ने इंडिया-ए के लिए भी इसी अंदाज में रन बनाना जारी रखते हैं, तो टीम इंडिया का दरवाजा उनके लिए जल्द खुल सकता है।

इंडिया-ए का ट्राई सीरीज में शेड्यूल

  • 9 जून: इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए, दांबुला
  • 11 जून: इंडिया-एबनाम अफगानिस्तान-ए, दांबुला
  • 15 जून: इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए, दांबुला
  • 17 जून: इंडिया-ए बनाम अफगानिस्तान-ए, दांबुला

ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय।

यह भी पढ़ें:

ODI वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी शुरू, वेस्टइंडीज ने किया टीम का ऐलान, धाकड़ प्लेयर की 1 साल बाद वापसी

IPL 2026 Awards List: वैभव का जलवा, मनीष पांडे, साई सुदर्शन और मोहम्मद सिराज को भी मिला अवार्ड

Latest Cricket News