A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 129 विकेट, 3 बार 10 विकेट हॉल, जानें कौन हैं टीम इंडिया में चुने गए मानव सुथार? रोहित-विराट को दे चुके हैं सिरदर्द

129 विकेट, 3 बार 10 विकेट हॉल, जानें कौन हैं टीम इंडिया में चुने गए मानव सुथार? रोहित-विराट को दे चुके हैं सिरदर्द

IPL 2026 के बाद टीम इंडिया एक्शन में होगी। भारतीय टीम 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलती नजर आएगी, जिसके लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है।

Manav Suthar- India TV Hindi
Image Source : AFP मानव सुथार

Who is Manav Suthar: अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से टेस्ट मैच का आगाज होने जा रहा है, जिसके लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। टेस्ट के लिए चुनी गई भारतीय टीम में पहली बार 3 खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जिनमें एक नाम मानव सुथार का भी है। 23 साल के युवा स्पिनर मानव सुथार को पहली बार मौका मिला है। राजस्थान के इस बाएं हाथ के स्पिनर को रवींद्र जडेजा की जगह टीम में शामिल किया गया है।

प्रैक्टिस कैंप से लाइमलाइट में आए

मानव सुथार पिछले कुछ सालों से लगातार भारतीय क्रिकेट के रडार पर थे। 2023 ODI वर्ल्ड कप से पहले उन्हें भारत के प्रैक्टिस कैंप में बुलाया गया था। बेंगलुरु में हुए उस कैंप में उन्होंने अपने स्पिन से रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था। तभी से माना जाने लगा था कि यह खिलाड़ी रेड-बॉल क्रिकेट में बड़ा कमाल कर सकता है।

हालांकि, मानव का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। गुजरात टाइटंस के साथ जुड़े होने के बावजूद उन्हें लंबे समय तक बेंच पर बैठना पड़ा। IPL 2025 में वह पूरा सीजन इंतजार करते रहे और 2026 में भी सिर्फ चार मुकाबले खेलने का मौका मिला। इंडिया ए और दलीप ट्रॉफी में भी कई बार उन्हें नजरअंदाज किया गया।लेकिन मानव ने हार नहीं मानी। पिछले साल ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दूसरे टेस्ट में मौका मिलने पर उन्होंने पांच विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित कर दी। यही प्रदर्शन अब उन्हें भारतीय टेस्ट टीम तक ले आया है।

रणजी में बल्ले से दिखाया दम

मानव सुथार सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी करते हैं। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ राजस्थान के लिए अपना पहला फर्स्ट क्लास शतक भी लगाया था। अगर उनके घरेलू रिकॉर्ड की बात करें तो आंकड़े बेहद शानदार हैं। 29 फर्स्ट क्लास मैचों की 52 पारियों में उन्होंने 129 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका औसत 25.76 का रहा है। मानव ने 6 बार पांच विकेट हॉल और तीन बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा भी किया है।

अश्विन और जडेजा से सीखे स्पिन के गुर

मानव सुथार ने खुद माना है कि आर अश्विन और रविंद्र जडेजा ने उनकी स्पिन गेंदबाजी को बेहतर बनाने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि इंडिया ए दौरे के दौरान दोनों सीनियर खिलाड़ियों ने उन्हें लगातार एक ही जगह गेंद डालने और धैर्य बनाए रखने की अहम सलाह दी थी। हालांकि, भारतीय टेस्ट टीम में पहले से कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर जैसे स्पिनर मौजूद हैं, इसलिए मानव को डेब्यू के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का स्क्वाड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल।

Latest Cricket News