टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब नॉकआउट चरण के मुकाबले शुरू होने वाले हैं। भारत, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही हैं। इस टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल 4 मार्च और दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को खेला जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबले से पहले फैंस के मन में इस वक्त सबसे बड़ा सवाल ये है कि अगर सेमीफाइनल मैच के दौरान बारिश हुई तो क्या होगा। वहीं अगर बारिश की वजह से मैच रद्द हुआ तो उस स्थिति में कौन सी टीम फाइनल में पहुंचेगी। आइए हम आपके इन सभी सवालों के जवाब देते हैं।
मैच रिजल्ट के लिए कम से कम 10 ओवर का खेल जरूरी
सेमीफाइनल मैच के दिन दोनों टीमों के प्लेयर्स और फैंस यही चाहेंगे कि उन्हें 20-20 ओवर का पूरा मैच देखने को मिले। फैंस इन मुकाबलों का भरपूर रोमांच उठाना चाहेंगे। लेकिन, बारिश या किसी भी तरह के मौसम के बिगड़ने के चलते ऐसा नहीं होता है तो फिर उस स्थिति में सेमीफाइनल का नतीजा कैसे निकलेगा? तो इसके लिए ICC ने कुछ नियम बनाए हैं। ICC के नियमों के मुताबिक सेमीफाइनल का नतीजा निकालने के लिए कम से कम 10-10 ओवर का खेल होना तो जरूरी है।
सेमीफाइनल के लिए ICC ने रखा है रिजर्व डे
दोनों सेमीफाइनल मैच के लिए ICC ने रिजर्व डे रखा है। अगर 10 ओवर का खेल सेमीफाइनल मुकाबले के तय दिन पर नहीं होता है तो फिर ये मुकाबला रिजर्व डे के दिन खेला जाएगा। लेकिन अगर रिजर्व डे पर भी कम से कम 10-10 ओवर का खेल नहीं होता है तो फिर मुकाबला रद्द होगा और उस स्थिति में सुपर-8 चरण के अंत में टॉप पर रही टीम फाइनल में पहुंच जाएगी।
मैच रद्द होने से भारत और न्यूजीलैंड को होगा नुकसान
अगर मुकाबला रद्द होता है तो फिर उससे साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीम को फायदा मिलेगा। ये दोनों टीमें सुपर-8 चरण में अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर थीं। साउथ अफ्रीका सुपर-8 में ग्रुप ए की टॉप पोजीशन पर रही थी। वहीं इंग्लैंड की टीम ग्रुप बी की टॉपर है। साफ है कि मुकाबला रद्द होने से टीम इंडिया और न्यूजीलैंड को नुकसान होने वाला है। ऐसे में प्लेयर्स चाहेंगे कि ये मुकाबला बिना किसी रुकावट के खत्म हो। पहले सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच ईडन गार्डन्स में 4 मार्च को खेला जाएगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच वानखेड़े स्टेडियम में पांच मार्च को होगा।
यह भी पढ़ें:
19 साल पहले खेले गए IND vs PAK मैच को रोहित शर्मा ने बताया अपना फेवरेट, विराट को लेकर दिया बड़ा बयान
सूर्या के पास केन विलियमसन और ABD जैसे दिग्गजों को पछाड़ने का मौका, सिर्फ 17 रनों की दरकार
Latest Cricket News