1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड दौरे के लिए शुभमन गिल से कप्तानी में क्यों पीछे रह गए बुमराह? वजह चीफ सिलेक्टर ने बता दी

इंग्लैंड दौरे के लिए शुभमन गिल से कप्तानी में क्यों पीछे रह गए बुमराह? वजह चीफ सिलेक्टर ने बता दी

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम इंडिया की कमान युवा शुभमन गिल को सौंपी गई है। वहीं, ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया गया है।

Team India- India TV Hindi
Image Source : GETTY जसप्रीत बुमराह और शुभमन गिल

IND vs ENG: BCCI ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा कर दी है और इस बार टीम की कमान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को सौंपी गई है। लंबे समय से जसप्रीत बुमराह भी टेस्ट टीम की कप्तानी की रेस में माने जा रहे थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने गिल पर भरोसा जताते हुए उन्हें कप्तान नियुक्त किया है। इस फैसले की वजह भी सामने आ गई है। टीम के ऐलान के बाद चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने बताया कि क्यों टेस्ट कप्तान के तौर पर बुमराह के ऊपर शुभमन गिल को तरजीह दी गई। अगरकरने कहा कि बुमराह के पूरी सीरीज खेलने की गारंटी नहीं है। अगरकर ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि बुमराह इंग्लैंड के सभी पांच टेस्ट मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे। चाहे वो तीन मैच खेलें या चार, इसका आकलन हमें फिजियो टीम के साथ मिलकर करना होगा।

बुमराह कप्तानी की रेस में क्यों पिछड़े?

अजीत अगरकर के इस बयान से साफ है कि बुमराह की फिटनेस और वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए चयन समिति ने यह फैसला किया। तेज गेंदबाज के तौर पर इंग्लैंड में लगातार पांच टेस्ट खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए चुनौती भरा होता है, और ऊपर से कप्तानी की जिम्मेदारी लेना उनके लिए और जोखिम भरा हो सकता था। बुमराह की चोटों का इतिहास भी इस फैसले का अहम कारण बना। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहले टेस्ट में बुमराह ने कप्तानी करते हुए टीम इंडिया को जीत को दिलाई थी, लेकिन फिर आखिरी टेस्ट मैच में लगातार गेंदबाजी करने के चलते चोटिल हो गए। इसके बाद मैदान पर वापसी के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा था।

गिल पर क्यों जताया भरोसा?

शुभमन गिल न केवल फिट और सभी टेस्ट खेलने के लिए उपलब्ध हैं, बल्कि हाल ही में उन्होंने अपनी कप्तानी में जबरदस्त समझदारी और धैर्य दिखाया है। खासकर IPL 2025 में गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए गिल ने रणनीतिक रूप से खुद को साबित किया। यही वजह रही कि चयन समिति ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें टेस्ट टीम का नेतृत्व सौंपा है।

वर्कलोड मैनेजमेंट भी वजह

इंग्लैंड जैसे चुनौतीपूर्ण हालात में तेज गेंदबाजों पर अतिरिक्त दबाव रहता है। ऐसे में बुमराह का वर्कलोड संभालना बेहद जरूरी होगा। यही कारण है कि कप्तानी का जिम्मा गिल को सौंपा गया ताकि बुमराह बिना किसी दबाव के सिर्फ अपनी गेंदबाजी पर फोकस कर सकें। अब सबकी निगाहें इस बात पर होंगी कि शुभमन गिल अपने नए रोल में इंग्लैंड की कठिन परिस्थितियों में टीम इंडिया को किस तरह लीड करते हैं।

Image Source : India Tvटीम इंडिया

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम इस प्रकार है: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर, उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।

Latest Cricket News