1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कोलकाता से हटाकर अहमदाबाद में क्यों कराया गया आईपीएल का फाइनल, बीसीसीआई ने बताई ये वजह

कोलकाता से हटाकर अहमदाबाद में क्यों कराया गया आईपीएल का फाइनल, बीसीसीआई ने बताई ये वजह

IPL: आईपीएल का फाइनल कोलकाता से हटाकर अहमदाबाद में क्यों कराया गया, इसकी असली वजह अब पता चली है। बीसीसीआई ने खुद ही इससे पर्दा हटाया है।

ipl champion rcb- India TV Hindi
Image Source : GETTY आईपीएल विजेता आरसीबी की टीम

IPL Final: आईपीएल के इस सीजन का जब ऐलान किया गया और शेड्यूल जारी हुआ तो उसका फाइनल कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डेंस में तय किया गया था। लेकिन बीच में जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव हुआ तो आईपीएल को रोक दिया गया। जब ये मामला शांत हुआ तो बीसीसीआई ने नए सिरे से शेड्यूल का ऐलान किया, उसके कुछ ही दिन बाद ये भी पता चला कि प्लेऑफ के मुकाबले कहां होंगे। जब जानकारी दी गई कि फाइनल मुकाबला अब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा तो सभी लोग चौंक गए। अब बीसीसीआई ने खुद ही साफ किया है कि ऐसा फैसला आखिरी क्यों लिया गया। 

कोलकाता के क्रिकेट फैंस को हाथ लगी गहरी निराशा

आईपीएल का फाइनल आरसीबी ने जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया है। इस बीच कोलकाता के क्रिकेट फैंस को बड़ी निराशा हाथ लगी। पहले तो उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी, उसके बाद उन्हें जो फाइनल मिला था, वो भी हाथ से चला गया। अब बीसीसीआई ने बताया है कि फाइनल मैच को कोलकाता से अहमदाबाद ट्रांसफर करने का वैज्ञानिक कारण था। 

मौसम के पूर्वानुमान के बाद बदला गया आईपीएल फाइनल का वेन्यू

जब दोबारा से आईपीएल शेड्यूल तैयार करने की कवायद चल रही थी, तब बीसीसीआई ने सभी आईपीएल वेन्यू पर मौसम की जानकारी को भी ध्यान में रखा। पूरे देश के मौसम के पैटर्न को सावधानीपूर्वक समझा गया और उसके बाद तय हुआ कि प्लेऑफ के सारे मैच पंजाब और अहमदाबाद में कराए जाएंगे। पहले प्लेऑफ के मुकाबले हैदराबाद और कोलकाता में होने थे, लेकिन जब आईपीएल को आगे बढ़ाया गया तो मौसम का पैटर्न बदल चुका था। फाइनल के दिन यानी 3 जून को कोलकाता में करीब 65 प्रतिशत बारिश की संभावना थी। वहीं अहमदाबाद में बारिश के चांस केवल तीन ही प्रतिशत थे। इसलिए अहमदाबाद को फाइनल के ​लिए पक्का किया गया। 

3 जून की रात में कोलकाता में हुई जबरदस्त बारिश

आपको जानकारी होगी कि 3 जून को रात करीब 9 बजे से लेकर करीब एक बजे तक बारिश भी हुई, यानी मौसम का पूर्वानुमान सही था और अगर तीन जून को कोलकाता में फाइनल मैच कराया जाता तो उस दिन इसके पूरे होने की संभावना काफी कम थी। लेकिन अहमदाबाद में जो तीन प्रतिशत संभावना थी, वहां कोई बारिश नहीं हुई और पूरा मैच सही सलामत खत्म हो गया। 

बीसीसीआई सचिव ने दी पूरी जानकारी

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने क्रिकबज से बात करते हुए बताया कि मैच को कोलकाता से अहमदाबाद ले जाने में कोई भी राजनीति नहीं थी, बल्कि मौसम का पूरा इनपुट जुटाने के बाद ही ये फैसला किया गया था। अहमदाबाद में जब रात को फाइनल मैच खेला जा रहा था, उस वक्त कोलकाता में जबरदस्त बारिश जारी थी। 

Latest Cricket News