1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs WI: ऋषभ पंत क्यों नहीं खेल रहे अहमदाबाद टेस्ट? ध्रुव जुरेल कर रहे विकेटकीपिंग

IND vs WI: ऋषभ पंत क्यों नहीं खेल रहे अहमदाबाद टेस्ट? ध्रुव जुरेल कर रहे विकेटकीपिंग

IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद में 2 अक्टूबर से टेस्ट सीरीज का आगाज हो चुका है लेकिन ऋषभ पंत नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Rishabh Pant - India TV Hindi
Image Source : AP ऋषभ पंत

IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ। यह मुकाबला भारत के लिए कई मायनों में खास है क्योंकि पहली बार शुभमन गिल घरेलू सरजमीं पर बतौर कप्तान टीम की अगुवाई कर रहे हैं।

पिछली बार इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम में ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन अहमदाबाद टेस्ट में वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। पंत की गैरमौजूदगी में वेस्टइंडीज सीरीज के लिए रविंद्र जडेजा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, विकेटकीपर की जिम्मेदारी ध्रुव जुरेल संभाल रहे हैं। स्क्वॉड में एन जगदीशन बैकअप विकेटकीपर के रूप में शामिल किए गए हैं। अब बड़ा सवाल उठता है कि पंत वेस्टइंडीज के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे हैं। 

दरअसल, ऋषभ पंत इस समय बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिकवरी कर रहे हैं। वहां वह लगातार स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग सेशन पर काम कर रहे हैं। हालांकि उनकी वापसी को लेकर कोई तय तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि पंत नवंबर में होने वाली साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में टीम में वापसी करेंगे।

साउथ अफ्रीका सीरीज में कमबैक की संभावना

आपको बता दें कि  ऋषभ पंत इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। चौथे टेस्ट में क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलते समय उनके बाएं पैर की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें दर्द में कराहते हुए गोल्फ कार्ट पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था। तब से ही वह मैदान से दूर हैं। जब वेस्टइंडीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया गया था तो चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने साफ किया था कि पंत वेस्टइंडीज सीरीज के लिए फिट नहीं हैं, लेकिन साउथ अफ्रीका सीरीज तक उनके उपलब्ध रहने की संभावना है।

गिल के लिए IND vs WI सीरीज काफी अहम

गौरतलब है कि भारत के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज काफी अहम है क्योंकि शुभमन गिल की अगुवाई में टीम का यह पहला घरेलू अभियान है। ऐसे में सभी की निगाहें गिल की कप्तानी और युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी। पंत की जगह टीम में शामिल किए जाने पर अब ध्रुव जुरेल के पास खुद को साबित करने का बड़ा मौका होगा।

यह भी पढ़ें:

टॉस हारते ही शुभमन गिल के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड, कपिल देव को छोड़ दिया पीछे

भारत का विजय रथ जारी, लगातार चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया; 2 बल्लेबाजों ने लगाए शतक

Latest Cricket News