1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लारा का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने से बचाया, 367 रन बनाने वाले कप्तान ने क्यों की पारी घोषित? हुआ खुलासा

लारा का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने से बचाया, 367 रन बनाने वाले कप्तान ने क्यों की पारी घोषित? हुआ खुलासा

जिम्बाब्वे के खिलाफ साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर ने शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने तिहरा शतक लगाते हुए 367 रनों की पारी खेली है।

wiaan mulder- India TV Hindi
Image Source : GETTY वियान मुल्डर और ब्रायन लारा

टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड दिग्गज ब्रायन लारा के नाम है। उन्होंने साल 2004 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में 400 रनों की पारी खेली थी। पिछले 21 सालों से वर्ल्ड रिकॉर्ड नहीं टूटा है। अब साउथ अफ्रीका के वियान मुल्डर के पास इस रिकॉर्ड को ध्वस्त करने का मौका था और वह 367 रन बना भी चुके थे और वह लारा के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 34 रन पीछे थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने पारी घोषित कर दी। फिर सभी के मन में यही सवाल आया कि जब वह खुद कप्तान थे, तो उन्होंने ऐसा क्यों किया। अब इसका खुलासा मुल्डर ने खुद किया है।

लारा यह रिकॉर्ड बनाए रखने के हकदार: मुल्डर

वियान मुल्डर ने दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा कि सबसे पहले मुझे लगा कि हमारे पास पर्याप्त रन हैं और हमें गेंदबाजी करने की जरूरत है। दूसरा ब्रायन लारा एक दिग्गज हैं। उनके कद का व्यक्ति यह रिकॉर्ड बनाए रखने का हकदार है। अगर मुझे दोबारा ऐसा करने का मौका मिला तो मैं बिल्कुल ऐसा ही करूंगा। मैंने कोच शुकरी कॉनराड से बात की और उन्हें भी ऐसा ही लगा। ब्रायन लारा एक महान खिलाड़ी हैं।

वियान मुल्डर ने खेली 367 रनों की पारी खेली

साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग इर्विन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद अफ्रीका के लिए नंबर-3 पर उतरे वियान मुल्डर ने धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया और 334 गेंदों में ही 367 रन बना दिए, जिसमें 49 चौके और चार छक्के शामिल रहे।

साउथ अफ्रीका ने बनाया बड़ा स्कोर

साउथ अफ्रीका के लिए पारी में उनके अलावा डेविड वेडिगघम ने 82 रन बनाए। वहीं लुहाने ड्रि प्रिटोरियस ने 78 रनों की पारी खेली। डेवाल्ड ब्रेविस के बल्ले से 30 रन निकले। काइल वेरेने ने 42 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही अफ्रीकी टीम ने 626 रन बनाए। इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम पहली पारी में सिर्फ 170 रनों पर ही सिमट गई। फिर उसे फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी पारी में जिम्बाब्वे ने अभी तक एक विकेट के नुकसान पर 51 रन बना लिए हैं और वह अफ्रीका से अभी भी 405 रन पीछे है।

यह भी पढ़ें:

आईपीएल चैंपियन खिलाड़ी पर लगा शारीरिक शोषण का आरोप, दर्ज हुआ मुकदमा

एजबेस्टन टेस्ट मैच के हीरो आकाश दीप कितनी संपत्ति के हैं मालिक, जानिए उनकी नेट वर्थ

Latest Cricket News