भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले को 165 रनों से अपने नाम करने के साथ 1-0 की बढ़त हासिल कर रखी है। वहीं अब टीम इंडिया को इस सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी ग्राउंड पर खेलना है, जिसमें पहले मुकाबले में प्लेइंग 11 का हिस्सा रहने वाले कुलदीप यादव की जगह को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। कोलंबो पहुंचने के बाद भारतीय टीम ने 21 अगस्त को एसएससी ग्राउंड पर अभ्यास भी किया जिसके बाद टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलदीप यादव को अगले मैच में खिलाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में यह साफ कर दिया कि टीम मैनेजमेंट का भरोसा उनके ऊपर पूरी तरह से बरकरार है और वह हमारी योजनाओं का हिस्सा हैं।
गॉल में परिस्थितियां अलग थीं
कोलंबो टेस्ट मैच से दो दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार कुलदीप यादव को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि कुलदीप शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और गॉल टेस्ट में परिस्थितियां अलग थीं। उन्हें एक अलग भूमिका निभानी पड़ी। कुलदीप हमेशा से मैच विनर गेंदबाज रहे हैं और टीम की योजना में शामिल हैं। सभी स्पिनरों को नरम गेंद से परेशानी होती है। लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर या ऑफ स्पिनर उंगलियों से गेंद को नियंत्रित कर लेते हैं, इसलिए उनके लिए यह थोड़ा आसान होता है। वहीं लेग स्पिनर के लिए नरम गेंद से गेंदबाजी करना ज्यादा मुश्किल होता है, क्योंकि गेंद की सीम दबकर नीचे चली जाती है। कलाई के स्पिनर के लिए नरम गेंद से गेंदबाजी करना ज्यादा मुश्किल होता है। ऐसे में गेंद को मनचाही तरह से घुमाना और उछाल हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। एक मैच के प्रदर्शन से किसी गेंदबाज का आकलन नहीं किया जा सकता।
सुथार गेंद को अच्छी तरह टर्न कराते हैं
गॉल टेस्ट मैच में 10 विकेट लेने वाले मानव सुथार को लेकर भी स्पिन गेंदबाजी साईराज बहुतुले ने अपने बयान में जिक्र किया जिसमें उन्होंने कहा कि वह गेंद को अच्छी तरह टर्न कराते हैं और हमारे लिए बेहद भरोसेमंद गेंदबाज हैं। वह लगातार उसी लाइन पर गेंदबाजी करते हैं, जिस पर हम चाहते हैं और उनकी गेंदबाजी में भी लगातार सुधार देखने को भी मिल रहा है। बता दें कि भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की रेस में बने रहने के लिए यह मुकाबला काफी अहम है।
ये भी पढ़ें
पाकिस्तान की दुर्गति पर आपको भी आएगी हंसी, टीम के साथ सातवीं बार हुआ हादसा
भारत बनाम श्रीलंका दूसरे टेस्ट के लिए स्क्वाड का ऐलान, पूरी टीम में मची उथल- पुथल
Latest Cricket News