एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी 03 अक्टूबर को जापान में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में मौजूद नहीं रहेंगे। मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ होने के साथ-साथ वहां के गृह मंत्री भी हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) और उनके बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है। BCCI ने साफ कहा है कि उनकी टीम नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं लेगी। वहीं नकवी का कहना है कि अगर भारत को एशिया कप की ट्रॉफी चाहिए तो उन्हें यह उन्हीं से लेनी होगी।
ACC ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर बताया है कि ACC के अध्यक्ष मोहसिन नकवी किसी दूसरे जरूरी काम में व्यस्त होने के कारण 2026 के एशियन गेम्स का फाइनल मैच देखने नहीं आ पाएंगे। हालांकि, उन्होंने गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल का मैच खेलने जा रही चारों टीमों को अपनी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं। मोहसिन नकवी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि 2026 के एशियन गेम्स में गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलने जा रहे सभी खिलाड़ियों को मेरी ओर से ढेर सारी शुभकामनाएं। अपने कुछ जरूरी कामों की वजह से मैं नागोया में मौजूद नहीं रह पाउंगा, लेकिन मैं इन शानदार और रोमांचक मैचों को देखने के लिए काफी उत्सुक हूं।
श्रीलंका को हराकर फाइनल में पहुंची है टीम इंडिया
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। अब भारतीय टीम फाइनल मैच में भी इसी विनिंग मोमेंटम को बरकरार रखते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम करना चाहेगी। इस एशियन गेम्स के सभी क्वार्टर फाइनल मैच बारिश की वजह से रद्द हो गए थे। बेहतर ICC रैंकिंग के आधार पर भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने टॉप-4 में अपनी जगह पक्की की थी।
भारत ने एशिया कप में ट्रॉफी लेने से किया इनकार
BCCI ने साफ कर दिया है कि भारतीय टीम मोहसिन नकवी के हाथों एशिया कप की ट्रॉफी नहीं लेगी। वहीं पाकिस्तान के गृह मंत्री नकवी अपनी बात पर अड़े हैं कि अगर भारत को एशिया कप की ट्रॉफी चाहिए, तो वह उन्हें खुद उन्हीं से लेनी होगी। 2025 के मेंस एशिया कप और इस साल के वुमेंस एशिया कप, दोनों ही मौकों पर भारतीय टीमें नकवी से ट्रॉफी लिए बिना ही वापस लौट आई थीं।
यह भी पढ़ें
युजवेंद्र चहल ने लिया बड़ा फैसला, फर्स्ट क्लास क्रिकेट से रिटायरमेंट का किया ऐलान
पाकिस्तान सीरीज के लिए श्रीलंका ने किया स्क्वॉड का ऐलान, टीम में हुए 6 बदलाव
Latest Cricket News