1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वुमेंस T20 वर्ल्ड कप के अगले मैच में क्या राधा यादव को मिलेगा मौका? बांग्लादेशी कप्तान के खिलाफ शानदार है रिकॉर्ड

वुमेंस T20 वर्ल्ड कप के अगले मैच में क्या राधा यादव को मिलेगा मौका? बांग्लादेशी कप्तान के खिलाफ शानदार है रिकॉर्ड

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का अगला मैच बांग्लादेश से होगा। इस मैच में भारतीय टीम अपने प्लेइंग XI में कुछ बदलाव कर सकती है। पिछले मैच में डेब्यू करने वाली खिलाड़ी को इस मैच में बाहर बैठना पड़ सकता है।

Radha Yadav- India TV Hindi
Image Source : PTI राधा यादव

भारत और बांग्लादेश के बीच जारी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप का 23वां मैच खेला जाएगा। सेमीफाइनल के हिसाब से टीम इंडिया के लिए ये मैच जीतना बेहद जरूरी है। इस वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम अभी तक 3 मैच खेलने में कामयाब रही है, जिसमें से उन्हें दो में जीत मिली है, वहीं एक में हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया को अपने पिछले मुकाबले में साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अगर अब भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उनके लिए लिए ये मैच जीतना बेहद जरूरी है।

राधा यादव को मिल सकता है बांग्लादेश के खिलाफ मैच में मौका

बांग्लादेश के खिलाफ इस मैच में टीम इंडिया अपनी प्लेइंग XI में कुछ बदलाव कर सकती है। स्टार स्पिनर राधा यादव जिन्हें इस वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है, उन्हें इस मैच में प्रेमा रावत की जगह मौका मिल सकता है। राधा यादव को इसलिए भी प्लेइंग XI में जगह मिल सकती है क्योंकि बांग्लादेशी कप्तान निगार सुल्ताना के खिलाफ उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। वह टी20 इंटरनेशनल में पांच बार निगर सुल्ताना को आउट कर चुकी हैं। राधा यादव अभी तक 89 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं और इस दौरान वह 103 विकेट लेने में कामयाब रही हैं। इस फॉर्मेट में उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 6.61 की है।

डेब्यू मैच में विकेट नहीं ले पाई थी प्रेमा रावत

प्रेमा रावत की बात करें तो उन्हें पिछले मैच में टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने का मौका मिला था। लेकिन वहां उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। अपने डेब्यू मैच में उन्होंने दो ओवर गेंदबाजी की थी और वहां उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 21 रन खर्च किए थे। एक और बदलाव टीम इंडिया इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग XI में कर सकती है। अरुंधत्ति रेड्डी की जगह क्रांति गौड़ को इस मुकाबले में मौका दिया जा सकता है। अब देखना होगा की कप्तान हरमनप्रीत कौर इस मैच के लिए अपनी टीम में क्या बदलाव करती हैं।

पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है टीम इंडिया

इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ 64 रनों की धमाकेदारी जीत के साथ की थी। इसके बाद टीम इंडिया ने अपना दूसरा मुकाबला नीदरलैंड्स से खेला था और वहां भी उन्हें 95 रनों से जीत मिली थी। वहीं तीसरे मैच में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका से 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया इस वक्त 3 मैचों में 4 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है।

यह भी पढ़ें

भारतीय महिला टीम का केवल जीत से नहीं बनेगा काम, हरमनप्रीत कौर को आज चाहिए बहुत बड़ी जीत

T20 WC में एक स्थान के लिए तीन टीमों के बीच जंग, ग्रुप-बी से किसको मिलेगा सेमीफाइनल का बचा हुआ टिकट

Latest Cricket News