A
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. WTC Points Table : टीम इंडिया के पास सीधे नंबर 2 पर पहुंचने का मौका, किसकी बढ़ेगी मुसीबत!

WTC Points Table : टीम इंडिया के पास सीधे नंबर 2 पर पहुंचने का मौका, किसकी बढ़ेगी मुसीबत!

IND vs WI : टीम इंडिया ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे पहले मुकाबले में पहले ही दिन पकड़ मजबूत कर ली है।

Rohit Sharma Rahul Dravid- India TV Hindi
Image Source : GETTY Rohit Sharma Rahul Dravid

WTC Points Table IND vs WI : भारत और वेस्‍टइंडीज के बीच दो टेस्‍ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुरू हो चुका है और पहले ही दिन भारतीय टीम ने विरोधी टीम को 150 रन पर ऑलआउट करके बढ़त बना ली है। हालांकि टेस्‍ट है तो मैच तो पांच दिन का है, लेकिन पहले दिन जिस तरह से सब कुछ घटा है, उसके बाद नहीं लगता कि ये मुकाबला इतने दिन तक चल पाएगा। सीरीज का ये मुकाबला भी विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप के तहत खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया लगातार दो बार फाइनल तक पहुंची, लेकिन खिताब का सपना पूरा नहीं हो पाया। इस बीच अगर भारतीय टीम पहला मैच जीत लेती है तो विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप की प्‍वाइंट्स टेबल में सीधे नंबर दो पर पहुंच जाएगी। 

डब्‍ल्‍यूटीसी प्‍वाइंट्स टेबल में ऑस्‍ट्रेलिया नंबर वन और इंग्‍लैंड नंबर दो पर 
विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप के तहत अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं और दो टीमें इसमें अंक भी हासिल कर चुकी हैं। इस वक्‍त इंग्‍लैंड और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की एशेज सीरीज चल रही है। इसके पहले तीन मुकाबले हो चुके हैं, जिसमें से दो में ऑस्‍ट्रेलिया और एक में इंग्‍लैंड की टीम विजयी रही है। यानी इन दोनों टीमों का खाता भी खुल चुका है। दो मैच जीतने के कारण ऑस्‍ट्रेलिया नंबर वन और एक मैच जीतकर इंग्‍लैंड दूसरे नंबर पर कब्‍जा जमाए हुए है। इस बीच भारतीय टीम के पास अंक तालिका में सीधे नंबर दो पर पहुंचने का सुनहरा मौका है। अब सवाल ये उठता है कि इंग्‍लैंड भी तो एक मैच जीत चुका है तो फिर भारतीय टीम नंबर दो पर कैसे पहुंच जाएगी। इसका जवाब ये है कि इंग्‍लैंड ने भले एक मैच जीता हो, लेकिन उसके उसकी जीत के लिए पूरे अंक नहीं मिले है। 

आईसीसी के नियमों के अनुसार मैच जीतने पर मिलते हैं पूरे 12 अंक 
आईसीसी के नियमों के अनुसार डब्‍ल्‍यूटीसी के तहत एक मैच जीतने पर किसी भी टीम को 12 अंक मिलते हैं। इस तरह से एक मैच जीतने पर इंग्‍लैंड को इतने अंक मिलने चाहिए, लेकिन उसके पास केवल 10 ही अंक हैं। ऐसा इसलिए किया गया है, क्‍योंकि सीरीज के पहले ही मुकाबले में ऑस्‍ट्रेलिया और इंग्‍लैंड को स्‍लो ओवर रेट के कारण दो दो अंक काट लिए गए थे। इसलिए जब ऑस्‍ट्रेलिया ने पहला मैच जीता तो उसे 10 अंक मिले और दूसरा मैच जीतने पर 12 अंक मिले, ऐसे में 22 अंक लेकर ये टीम नंबर एक की कुर्सी पर कब्‍जा जमाए हुए है। वहीं इंग्‍लैंड को जीत के लिए 12 अंक मिले, लेकिन दो अंक पहले ही कट गए थे, इसलिए कुल अंक 10 ही रह गए थे। 

टीम इंडिया के पास इंग्‍लैंड को पीछे करने का मौका 
टीम इंडिया अगर वेस्‍टइंडीज को हरा देती है और उसके पर आईसीसी की ओर से कोई जुर्माना भी नहीं लगता है तो उसे जीत के बाद पूरे 12 अंक दिए जाएंगे और इंग्‍लैंड को पीछे करते हुए भारतीय टीम सीधे नंबर दो की कुर्सी पर काबिज हो जाएगी। अभी के हिसाब से देखें तो भारतीय टीम को इस मैच को जीतने में ज्‍यादा दिक्‍कत नहीं होनी चाहिए, लेकिन ध्‍यान इस बात का भी रखना होगा कि कहीं स्‍लो ओवर रेट के कारण जुर्माना न डाल दिया जाए। बाकी तो रास्‍ता करीब करीब साफ ही रहेगा। इस बीच एशेज का चौथा मुकाबल 19 जुलाई से खेला जाएगा। इसमें अगर इंग्‍लैंड जीत जाता है तो वो फिर से नंबर दो पर पहुंच जाएगा, लेकिन अगर ऑस्‍ट्रेलिया टीम जीत दर्ज करती है तो भारतीय टीम की सेहत पर कोई असर नहीं होगा। 

Latest Cricket News