A
Hindi News खेल क्रिकेट WTC Points Table: टीम इंडिया को भयंकर नुकसान, अंग्रेजों ने मारी छलांग

WTC Points Table: टीम इंडिया को भयंकर नुकसान, अंग्रेजों ने मारी छलांग

WTC: भारतीय टीम को लॉर्ड्स टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा है। इससे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल में भी असर देखने को मिल रहा है।

england cricket team- India TV Hindi Image Source : GETTY इंग्लैंड क्रिकेट टीम

World Test Championship Points Table: भारतीय क्रिकेट टीम को शुभमन गिल की कप्तानी में एक और मैच में हार का सामना करना पड़ा है। जो सीरीज लॉर्ड्स टेस्ट के पहले तक 1.1 की बराबरी पर थी, उसमें टीम इंडिया अब फिर से पीछे हो गई है। भारतीय टीम के पास मौका था कि वो इस मैच को भी जीतकर सीरीज में बढ़​त बना सकती थी, लेकिन आखिरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों से रन नहीं बने। इसका नतीजा ये रहा कि टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपिय​नशिप अंक तालिका में भी नुकसान उठाना पड़ गया। वहीं इंग्लैंड ने इस जीत से प्वाइंट्स टेबल में छलांग मार दी है। 

ऑस्ट्रेलिया डब्ल्यूटीसी प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो इस वक्त ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज है। ऑस्ट्रेलिया ने दो मैच खेलकर उसमें से दो में ही जीत दर्ज की है। टीम इस वक्त वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरा और आखिरी मुकाबला खेल रही है, उसका भी रिजल्ट जल्द आ जाएगा। ऑस्ट्रेलिया के पास इस वक्त 24 अंक हैं और उसका पीसीटी पूरे 100 का है। 

इंग्लैंड की टीम दूसरे नंबर पर पहुंची

इंग्लैंड की टीम जो इस मैच के पहले तक तीसरे नंबर पर थी, उसने अब छलांग मार दी है और टीम अब सीधे दूसरे नंबर की कुर्सी पर काबिज हो गई है। इंग्लैंड ने अब तक इस चक्र में तीन मैच खेले हैं और उसमें से दो में उसे जीत मिली है और एक में हार का सामना करना पड़ा है। टीम के पास 24 अंक हैं, वहीं उसका पीसीटी भी 66.67 का हो गया है। वैसे तो श्रीलंका का भी पीसीटी इतना ही है, लेकिन पीसीटी बराबर होने पर जीत देखी जाती है। श्रीलंका की टीम एक ही मैच जीत पाई है, वहीं इंग्लैंड ने दो मैच अपने नाम कर लिए हैं। 

भारतीय टीम नंबर चार पर, लेकिन घट गया पीसीटी

इंग्लैंड की टीम अब दूसरे और श्रीलंका तीसरे नंबर पर चली गई है। इस बीच बात अगर भारतीय टीम की करें तो उसे नुकसान हुआ है। हालांकि टीम इंडिया अभी भी नंबर चार पर ही है, लेकिन उसका पीसीटी बदल गया है। इस मैच के पहले तक उसका पीसीटी 50 का था, जो अब घटकर 33.33 का हो गया है। भारतीय टीम ने इस चक्र में जो तीन मैच खेले हैं, उसमें से एक में उसे जीत मिली है और दो में हार का मुंह देखना पड़ा है। 

वेस्टइंडीज की टीम अंक​ तालि​का में सबसे नीचे

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में भारत के नीचे बांग्लादेश और वेस्टइंडीज की टीमें हैं। बांग्लादेश का पीसीटी 16.67 का है और वेस्टइंडीज का पीसीटी शून्य है, क्यों​कि टीम ने ना तो कोई मैच जीता है और ना ही कोई ड्रॉ हुआ है। अब अंक तालिका में जल्द ही फिर से फेरबदल होगा, जब ऑस्ट्रेलिया बनाम वेस्टइंडीज मैच का ​रिजल्ट आ जाएगा। भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का चौथा मैच 23 जुलाई से खेला जाएगा, इसमें अभी काफी वक्त है। देखना होगा कि तब तक अंक तालिका की शक्ल और सूरत कैसी बनती है। 

Latest Cricket News