1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वेस्टइंडीज से बुरी तरह हारकर श्रीलंका WTC पॉइंट्स टेबल में गिरी धड़ाम, टीम इंडिया को हुआ बड़ा फायदा

वेस्टइंडीज से बुरी तरह हारकर श्रीलंका WTC पॉइंट्स टेबल में गिरी धड़ाम, टीम इंडिया को हुआ बड़ा फायदा

वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

WTC Points Table- India TV Hindi
Image Source : AFP वेस्टइंडीज और टीम इंडिया

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को पारी और 217 रन के बड़े अंतर से हराकर न सिर्फ पहली जीत दर्ज की, बल्कि टीम इंडिया का भी बड़ा फायदा कर दिया। वेस्टइंडीज की जीत से टीम इंडिया एक स्थान ऊपर पहुंच गई है। वहीं, पहले टेस्ट में करारी शिकस्त के बाद श्रीलंका की टीम पॉइंट्स टेबल में काफी नीचे खिसक गई है। 

एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान वेस्टइंडीज ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया। पहली पारी में 318 रन की बढ़त हासिल करने के बाद कैरेबियाई गेंदबाजों ने श्रीलंका की दूसरी पारी महज 101 रन पर समेट दी और मुकाबला पारी और 217 रन से अपने नाम कर लिया।

वेस्टइंडीज को मिली पहली जीत

वेस्टइंडीज की जीत में अनुभवी तेज गेंदबाज केमार रोच ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने दूसरी पारी में 11 ओवर में 51 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि जेडन सील्स ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर जीत पर मुहर लगा दी। यह WTC 2025-27 चक्र में वेस्टइंडीज की पहली जीत है। टीम ने अब तक 9 मैच खेले हैं, जिसमें एक जीत, एक ड्रॉ और सात हार के साथ वह आठवें स्थान पर पहुंच गई है।

टीम इंडिया को हुआ फायदा

दूसरी ओर, श्रीलंका को मौजूदा WTC चक्र की पहली हार का सामना करना पड़ा। टीम ने अब तक तीन टेस्ट खेले हैं, जिनमें एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार मिली है। इस करारी शिकस्त के बाद उसका अंक प्रतिशत यानी PCT 44.44 रह गया और वह तीसरे स्थान से फिसलकर छठे नंबर पर पहुंच गई। श्रीलंका के नीचे आने का सबसे बड़ा फायदा भारत को मिला है। भारतीय टीम अब 48.15 के PCT के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि, टीम इंडिया को अभी आगे की टेस्ट सीरीज में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा ताकि फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति और मजबूत कर सके।

WTC पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया अब भी 87.50 के शानदार PCT के साथ पहले स्थान पर काबिज है। साउथ अफ्रीका 75.00 PCT के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। न्यूजीलैंड तीसरे जबकि बांग्लादेश चौथे पायदान पर है। वहीं, पाकिस्तान के लिए यह चक्र अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। शान मसूद की कप्तानी वाली टीम चार में से तीन टेस्ट हार चुकी है और स्लो ओवर रेट के कारण आठ पॉइंट गंवाने के बाद नौवें और आखिरी स्थान पर है।

यह भी पढ़ें:

149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार बना ऐसा रिकॉर्ड, आमिर जंगू और रोस्टन चेज ने रचा नया इतिहास

चार्ली डेविस का 82 साल की उम्र में निधन, WI vs SL टेस्ट में तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर उतरे खिलाड़ी

Latest Cricket News