साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच लॉर्ड्स में आज यानी 11 जून से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का आगाज हो चुका है। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। दोनों टीमों ने एक दिन पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया था।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्नस लाबुशेन पहली बार टेस्ट में पारी का आगाज करने के लिए उस्मान ख्वाजा के साथ उतरे। दोनों ओपनर पहले ओवर से ही खाता खोलने के लिए संघर्ष करते नजर आए। पहले 3 ओवर में ख्वाजा और लाबुशेन अपना खाता भी नहीं खोल पाए। चौथे ओवर में जाकर लाबुशेन का खाता खुला। हालांकि, ख्वाजा छठे ओवर तक पहले रन के लिए तरसते नजर आए और फिर 7वें ओवर में कुछ ऐसा हुआ, जिससे ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी सलामी बल्लेबाज के नाम शर्मनाक कारनामा दर्ज हो गया।
ख्वाजा नहीं खोल सके खाता
दरअसल, 7वें ओवर में कगिसो रबाडा गेंदबाजी करने आए और तीसरी ही गेंद पर ख्वाजा को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। ख्वाजा ने 20 गेंदों का सामना किया लेकिन वह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। ख्वाजा के आउट होने के बाद कैमरन ग्रीन नए बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर आए और चौके से अपना खाता खोलने के बाद रबाडा का शिकार बन गए। इस तरह रबाडा ने एक ही ओवर में 2 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया के टॉप आर्डर को झकझोर कर रख दिया।
लाबुशेन और हेड बने मार्को येनसन का शिकार
ऑस्ट्रेलिया को तीसरा बड़ा झटका लाबुशेन के रूप में लगा। लाबुशेन 18वें ओवर में मार्को येनसन का शिकार बने। लाबुशेन ने 17 रन बनाए। पहला सेशन खत्म होने से पहले ट्रेविस हेड भी पवेलियन लौट गए। हेड सिर्फ 11 रन बना सके और येनसन का शिकार बन गए। पहले सेशन में ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट खोकर 67 रन बनाए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, कैमरून ग्रीन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी (विकेट कीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मारक्रम, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, टेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड बेडिंघम, काइल वेरिन (विकेटकीपर), मार्को जानसन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।
Latest Cricket News