वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के पहले मैच में इंडिया चैंपियंस का सामना ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस से हुआ। इस मैच में इंडिया चैंपियंस की टीम ने ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ युवराज सिंह की तूफानी पारी के दम पर 20 ओवर में 7 विकेट पर 196 रन बनाए। भारत ने कंगारू टीम को जीत के लिए 197 रन का लक्ष्य रखा। इस टारगेट के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 150 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उन्हें 46 रन से हार का सामना करना पड़ा। 44 साल के युवराज सिंह ने इस सीजन के पहले ही मैच में जोरदार पारी खेली और सीजन का पहला अर्धशतक ठोक दिया।
71 रन बनाकर आउट हुए युवराज
युवराज सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 31 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और कुल 44 गेंदों में 71 रन बनाए। अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 6 शानदार छक्के और 5 चौके लगाए। भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने आए नमन ओझा ने 31 रन बनाए, जबकि अंबाती रायुडू सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरे स्टुअर्ट बिन्नी भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 13 रन बनाकर चलते बने।
युसूफ पठान और ऋषि धवन ने भी की ताबड़तोड़ बैटिंग
इस मुकाबले में युसूफ पठान ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से 37 रन बनाए। हालांकि, उनके भाई इरफान पठान का बल्ला नहीं चला और वे महज 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं ऋषि धवन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और केवल 12 गेंदों में 4 छक्के और 1 चौका लगाकर नाबाद 35 रन जड़े। ऑस्ट्रेलिया की ओर से गेंदबाजी करते हुए बेन हिल्फेनहॉस, बेन लॉफलिन और फवाद अहमद ने 2-2 विकेट हासिल किए।
ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग रही फ्लॉप
टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की टी 16.2 ओवर में 150 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए डार्सी शॉर्ट ने सबसे ज्यादा 28 बॉल पर 65 रन बनाए। वहीं जो बर्न्स 45 रन बनाकर आउट हुए। जोनाथन वेल्स ने 11 रन का योगदान दिया। इन तीनों के अलावा टीम के बाकी के 8 बल्लेबाज सिंगल डिजिट स्कोर में आउट हो गए। अंत में उन्हें 46 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारत की तरफ से इस मैच में धवल कुलकर्णी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं मोहित शर्मा के खाते में 3 विकेट आए।
यह भी पढ़ें
रोहित शर्मा ने ध्वस्त किया सचिन तेंदुलकर का 22 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 10 हजार रन बनाने वाले दुनिया के चौथे ओपनर
केएल राहुल ने तीसरे वनडे में लगाया तूफानी शतक, इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे किए 10 हजार रन
Latest Cricket News