जिम्बाब्वे ने सुपर-8 के लिए किया क्वालीफाई, बारिश ने फेरा ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी, कंगारू टीम बाहर
ZIM vs IRE Washed Out: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 32वां मैच जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच श्रीलंका के पल्लेकेले स्टेडियम में खेला जाना था। लेकिन बारिश की वजह से ये मुकाबला रद्द हो गया।
ZIM vs IRE Washed Out: जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 32वां ग्रुप स्टेज मैच खेला जाना था। ये मुकाबला श्रीलंका के पल्लेकेले स्टेडियम में होना था लेकिन बारिश की वजह से ये मुकाबला रद्द हो गया। इस मैच के दौरान पूरे समय बारिश होती रही। जिस वजह से टॉस भी नहीं हो सका। अंत में बिना एक भी गेंद फेंके बिना ही मैच को रद्द कर दिया गया। इस मैच के रद्द होने के साथ ही जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में पहुंचने में कामयाब रही। वहीं कंगारू टीम का सफर इस वर्ल्ड कप में समाप्त हो गया।
पांच पॉइंट्स के साथ जिम्बाब्वे पहुंचा सुपर-8 में
जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड मैच रद्द होने के बाद दोनों टीमों के बीच एक-एक अंक बांटे गए। इसके साथ ही जिम्बाब्वे के खाते में पांच और आयरलैंड के खाते में तीन अंक हो गए हैं। जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया को अभी ग्रुप स्टेज में एक-एक मैच और खेलना है। उस मैच को जीतकर भी ऑस्ट्रेलिया की टीम अधिकतम चार अंक तक ही पहुंच पाएगी ऐसे में उनका सफर इस वर्ल्ड कप में समाप्त हो गया है। जिम्बाब्वे का अगला मैच श्रीलंका से और ऑस्ट्रेलिया का अगला मैच ओमान से होगा।
दो मैच जीत चुकी है जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे का प्रदर्शन इस वर्ल्ड कप में लाजवाब रहा है। टीम के अभी तक तीन मैच हो गए हैं जिसमें से एक मुकाबला उनका बारिश की वजह से रद्द हुआ है, वहीं दो मैच में उन्हें जीत मिली है। जिम्बाब्वे ने अपने पहले मैच में ओमान को 8 विकेट से हराया था। दूसरे मैच में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से मात दी। अब जिम्बाब्वे की टीम अपना अगला मैच 19 फरवरी को श्रीलंका से खेलेगी।
ऑस्ट्रेलिया की टीम को मिल चुकी है दो हार
ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो इस वर्ल्ड कप में उनकी टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उनकी टीम को अपने पहले मैच में आयरलैंड को 67 रनों से जरूर हराया था, लेकिन इसके बाद उनकी टीम लगातार दो मैच हार चुकी है। ऑस्ट्रेलिया को पहले जिम्बाब्वे ने 23 रनों से हराया। उसके बाद उन्हें श्रीलंका से भी 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इन दो हार के साथ ही इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया का सफर समाप्त हो गया है। अब उनका अगला मैच 20 फरवरी को ओमान से होगा।
यह भी पढ़ें
ICC Rankings: पाकिस्तानी गेंदबाज को फिर मिला नंबर-1 का ताज, भारतीय पेसर ने भी लगाई छलांग
इंग्लिश क्रिकेटर ने 29 साल की उम्र में रिटायरमेंट का किया ऐलान, क्रिकेट जगत हैरान
