1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC का बड़ा ऐलान, धाकड़ ऑलराउंडर के गेंदबाजी करने पर लगाया बैन

ICC का बड़ा ऐलान, धाकड़ ऑलराउंडर के गेंदबाजी करने पर लगाया बैन

ICC की ओर से बड़ा ऐलान हुआ है। जिम्बाब्वे की ऑलराउंडर केलीस एंडलोवू के गेंदबाजी करने पर बैन लगा दिया गया है। उनका एक्शन गलत पाया गया है।

zimbabwe women- India TV Hindi
Image Source : @ZIMBABWEWOMEN जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम

जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम की युवा खिलाड़ी केलीस एंडलोवू को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने से तत्काल प्रभाव से बैन कर दिया गया है। यह फैसला एक स्वतंत्र जांच के बाद लिया गया, जिसमें पुष्टि हुई कि बाएं हाथ की स्पिनर न्दलोवु का गेंदबाजी एक्शन सही नहीं है। 19 साल की केलीस एंडलोवू को आयरलैंड के खिलाफ 26 जुलाई को बेलफास्ट में खेले गए पहले ODI के दौरान अंपायरों ने रिपोर्ट किया था। इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका के प्रिटोरिया में अपना बॉलिंग एक्शन टेस्ट कराया, जिसमें उनके गेंदबाजी एक्शन को अवैध पाया गया।

ICC के बॉलिंग रेगुलेशन आर्टिकल 6.1 के अनुसार, केलीस तब तक गेंदबाजी नहीं कर पाएंगी, जब तक वह दोबारा जांच में अपने एक्शन को सही साबित नहीं कर देतीं। यानी उन्हें अपने बॉलिंग एक्शन में सुधार लाने के बाद ही पुनः आकलन कराना होगा।

केलीस उभरती क्रिकेटर

केलीस एंडलोवू जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट की उभरती हुई प्रतिभा मानी जाती हैं। उन्होंने 2023 में आयोजित महिला अंडर-19 T20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की कप्तानी भी की थी। अब तक वह 13 वनडे और 51 T20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। ODI क्रिकेट में उनके नाम 19 विकेट और T20 में 44 विकेट दर्ज हैं। खास बात यह है कि दोनों ही फॉर्मेट में उनका गेंदबाजी औसत करीब 19 रन प्रति विकेट का है, जो उनकी काबिलियत को दर्शाता है।

जिम्बाब्वे के लिए बड़ा झटका

यह बैन जिम्बाब्वे महिला टीम के लिए झटका साबित हो सकता है, क्योंकि केलीस टीम की प्रमुख गेंदबाजों में से एक हैं। फिलहाल, वह केवल बल्लेबाजी और फील्डिंग कर सकती हैं, लेकिन गेंदबाजी करने के लिए उन्हें अपने एक्शन को सुधारना होगा। जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड और टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि यह युवा खिलाड़ी जल्द ही अपने एक्शन पर काम करके वापसी करेगी और फिर से टीम के लिए गेंदबाजी कर सकेगी।

यह भी पढ़ें:

भुवनेश्वर की इस कदर हुई धुनाई, ताउम्र रहेगा याद, हर गेंद पर खाई बाउंड्री; 1 ओवर में लुटाए इतने रन

बाबर-रिजवान T20 क्रिकेट खेलने के लायक नहीं, पूर्व कोच के बयान से मचा हड़कंप

Latest Cricket News