1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 3 विकेट लेकर सिकंदर रजा ने रचा इतिहास, श्रीलंका के खिलाफ अपने नाम किया ये अनोखा रिकॉर्ड

3 विकेट लेकर सिकंदर रजा ने रचा इतिहास, श्रीलंका के खिलाफ अपने नाम किया ये अनोखा रिकॉर्ड

श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में जिम्बाब्वे के स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा ने शानदार गेंदबाजी की। इस मैच में उन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए।

Zimbabwe Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AP जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम

श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी-20 मैच जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। इस मैच में श्रीलंका को पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में जिम्बाब्वे के जीत के हीरो सिकंदर रजा रहे, उन्होंने गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। अपने चार ओवर के स्पेल में 11 रन देकर उन्होंने 3 विकेट चटकाए। यह जिम्बाब्वे के किसी भी खिलाड़ी के लिए श्रीलंका के खिलाफ टी-20 में बेस्ट गेंदबाजी आंकड़े हैं।

सिकंदर रजा और ब्रैड इवांस ने की शानदार गेंदबाजी

सिकंदर रजा ने इस मैच में कमलिंडु मेंडिस (0 रन) और श्रीलंकाई कप्तान चारिथ असलंका (18 रन) जैसे बड़े बल्लेबाजों को आउट कर श्रीलंका के बैटिंग ऑर्डर की कमर तोड़ दी। इसके बाद उन्होंने दुष्मंथा चमीरा (0 रन) को भी पवेलियन भेजा। इस तरह से उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए। जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड इवांस ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके और इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। रजा और इवांस की जोड़ी के सामने श्रीलंका के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए और 80 रन पर ढेर कर दिया। यह श्रीलंका का टी20 इंटरनेशनल के इतिहास का दूसरा सबसे कम टीम स्कोर भी रहा।

सिकंदर रजा को मिला प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड

सिकंदर रजा को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। यह टी-20 इंटरनेशनल में उनका 18वां प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड है और वह लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड मलेशिया के विरनदीप सिंह के नाम है। उन्होंने अब तक 22 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता है। 16 POTM अवॉर्ड के साथ सूर्यकुमार यादव लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।

SL vs ZIM: दूसरे टी-20 मैच का हाल

दूसरे टी-20 मैच की बात करें तो वहां श्रीलंका की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 80 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। लंका टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कामिल मिशारा रहे, उन्होंने 20 गेंदों पर 20 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान चरिथ असलांका 23 गेंदों पर 18 तो वहीं दसुन शनाका 21 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हो गए। 81 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम इस टारगेट को 14.2 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल करने में कामयाब रही। ताशिंगा मुसेकिवा टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, उन्होंने 14 गेंदों पर 21 रन बनाए।

Latest Cricket News