नयी दिल्ली: IPL-2018 अब अपने पूरे शबाब पर है. प्लेऑफ़ के लिए टीमों के बीच मारकाट शुरु हो गई है. अब तक कई हीरो ज़ीरो साबित हुए हैं तो कई अनजान खिलाड़ी हीरो बने हैं. यही नहीं क्रिस गेल, धोनी और शैन वॉटसन जैसे खिलाड़ियों ने साबित कर दिया कि उनके लिए उम्र महज़ एक नंबर है. कई भारतीय खिलाड़ियों के लिए ये सिक्का जमाने का वक्त है क्योंकि अगले साल ही इंग्लैंड में विश्व कप होना है और ज़ाहिर है ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन की बदौलत अपनी सार्थकता साबित करने में लगे हैं. कई ऐसे भी खिलाड़ी है जो एक समय में तो टीम इंडिया के स्टार थे लेकिन अब अपने फ़ॉर्म को लेकर संघर्ष कर रहे हैं.
अगर बात करें युवराज सिंह की तो उनका अब तक IPL में प्रदर्शन इतना ख़राब रहा है कि पंजाब की प्लेइंग इलेवन से ही उन्हें बाहर करना पड़ा. हरभजन सिंह का भी टीम इंडिया में दोबारा प्रवेश असंभव सा ही लगता है. ऐसा ही एक नाम है अश्विन जो अभी कुछ महीने पहले तक टीम इंडिया के मैच जिताऊ स्पिनर थे लेकिन कुलदीप यादव और युज़वेंद्र चहल की धमक के बीच कहीं खो गए. अश्विन ने इस दौरान न सिर्फ़ अपने बॉलिंग एक्शन में थोड़ा बदलाव किया बल्कि कुछ नयी गेंद भी इजाद की हैं. ज़ाहिर है उनका मक़सद टीम इंडिया में जगह बनाना है.
आपको बता दें कि IPL-2018 के लिए किंग्स XI पंजाब ने आर. अश्विन को टीम की कमान दी है और उनकी कप्तानी में पंजाब शानदार प्रदर्शन कर रही है. पंजाब ने अब तक खेले 7 में से 5 मैच जीते हैं और 10 अंकों के साथ वह पाइंट टेबल पर तीसरे स्थान पर है. पंजाब के प्रदर्शन के लिए अश्विन की कप्तानी की तारीफ़ की जा रही है. उसका प्रदर्शन इतना अच्छा है कि उसका न सिर्फ़ प्लेऑफ़ में पहुंचना तय माना जा रहा है बल्कि ख़िताब के प्रबल दावेदारों में भी गिनती हो रही है. लेकिन बतौर बॉलर वह कुच ख़ास नहीं कर पा रहे हैं. उन्होंने अब तक खेले 7 मैचों में सिर्फ 5 विकेट लिए हैं और उनका इकोनॉमी रेट 8 रहा है. उन्होंने 28 ओवर में 224 रन दिए हैं.