1. Hindi News
  2. खेल
  3. आईपीएल
  4. IPL 2020 : प्लेऑफ मुकाबलों को मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने बताया एक मिनी टूर्नामेंट

IPL 2020 : प्लेऑफ मुकाबलों को मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने बताया एक मिनी टूर्नामेंट

मुंबई के नाम 13 मैचों में 18 अंक है और शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नौ विकेट की जीत दर्ज कर टीम ने तालिका में शीर्ष दो में अपनी जगह पक्की कर ली है। 

Mumbai Indians, Rohit Sharma, playoff, IPL2020, IPL- India TV Hindi
Image Source : IPLT20.COM Mumbai Indians

डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के प्लेऑफ में जगह पक्की कर अपने पहले लक्ष्य को हासिल कर लिया लेकिन टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने नाकआउट मैचों के लिए अभी कोई योजना नहीं बनायी है। 

मुंबई के नाम 13 मैचों में 18 अंक है और शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नौ विकेट की जीत दर्ज कर टीम ने तालिका में शीर्ष दो में अपनी जगह पक्की कर ली है। 

लीग स्तर पर उसका अंतिम मैच मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है। रोहित ने फ्रेंचाइजी की आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जारी वीडियो में कहा, ‘‘ हमने एक बाधा पार कर ली है और अब हमें एक और छोटे टूर्नामेंट (प्ले ऑफ) में खेलना है। उससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच भी है।’’ 

रोहित बायें पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टीम के पिछले चार मैच नहीं खेल सके। सनराइजर्स के खिलाफ भी उनके खेलने की संभावना कम है।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह हमारे लिए एक और महत्वपूर्ण मुकाबला होने जा रहा है, ईमानदारी से कहूं तो हम विरोधी टीम के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे है। हम बस अच्छा खेलकर लय बरकरार रखना चाहते हैं। जब हम प्ले-ऑफ में पहुंच गये है तो यह और भी ज्यादा महत्वपूर्ण है।’’