मॉस्को: रूस के तीन भारोत्तोलकों को प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया गया, जिसके बाद उन पर आठ साल तक का प्रतिबंध लगा दिया गया। रूसी भारोत्तोलन महासंघ (आरडब्ल्यूएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
समाचार एजेंसी तास के अनुसार, एलेक्से कोसोव (94 किलोग्राम भार वर्ग) और ओल्गा अफानियासिएवा (69 किलोग्राम भार वर्ग) पर अंतर्राष्ट्रीय भोरोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) द्वारा चार-चार साल का प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि ओल्गा जुबोवा (75 किलो वर्ग) को आठ साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है।
आरडब्ल्यूएफ के उपाध्यक्ष एलेक्जेंडर पेत्रोव ने मंगलवार को कहा, "कोसोव और अफानियासिएवा पर चार-चार साल का प्रतिबंध लगा है, जबकि जुबोवा को आठ साल के लिए प्रतिबंधित किया गया है, क्योंकि उन्होंने दूसरी बार डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन किया है।"
इससे पहले आई रिपोर्ट के अनुसार, ह्यूस्टन में 2015 विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुके रूसी भारोत्तोलक एलेक्से लोवचेव को भी डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन के लिए आईडब्ल्यूएफ द्वारा चार साल के प्रतिबंधित कर दिया गया।
पेत्रोव ने कहा, "जैसा कि आप पहले से जानते हैं कि लोवचेव को चार साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। जहां तक मैं जानता हूं, केवल वह ही आईडब्ल्यूएफ के फैसले के खिलाफ असहमति दायर करने का निर्णय कर सकते हैं।"
पिछले वर्ष दिसम्बर में को अस्थायी रूप से सभी प्रतियोगिताओं से निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने मंगलवार को इस आईडब्ल्यूएफ के फैसले पर असहमति जताते हुए कहा कि वह अपने वकील के साथ लौसाने में खेल पंचाट न्यायालय में अपील करेंगे।