नई दिल्ली: अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने ब्रिटेन के ली एलन जानसन को अंडर-19 टीम का नया कोच नियुक्त किया है। भारतीय टीम से जुड़ने से पहले ली रवांडा के तकनीकी निदेशक और अंडर-17 टीम के कोच पद पर नियुक्त थे।
अपने कोचिंग करियर में ली ने इंग्लिश प्रीमियर क्लब चेल्सी के अकादमी और क्रिस्टिल एफसी के साथ भी कार्य किया।
ली मौजूदा भारतीय सीनियर टीम के कोच स्टेफेन कांस्टेनटाइन के साथ भी पूर्व में रवांडा में काम कर चुके हैं।
कांस्टेनटाइन ने ली की नियुक्ति पर कहा, "हमने पूर्व में एक साथ रवांडा में काम किया है और एक-दूसरे को तीन साल से अधिक समय से जानते हैं।"
ली ने भी अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा, "मैं बेहद खुश हूं और एआईएफएफ को मुझे यह मौका देने के लिए धन्यवाद करता हूं। मैं कांस्टेनटाइन के साथ काम करने और इस देश में फुटबाल के विकास के लिए कार्य करने को लेकर उत्साहित हूं।"
जानसन ने भारत में फुटबाल के विकास संबंधी प्रयासों के बारे में कहा, "मैं खुद आई-लीग मैचों और यूथ खेलों में जाऊंगा और भविष्य के खिलाड़ियों की पहचान करने की कोशिश करूंगा।"