नई दिल्ली: ब्रिटेन के प्रोफेशनल बॉक्सर टायसन फरी ने एकबार फिर से चौंकाने वाला बयान दिया है। 2015 में यूक्रेन के व्लादिमीर क्लिश्चको की चुनौती को पूरा कर चैंपियन बने टायसन ने अपने पसंदीदा व्यंजन का खुलासा किया है। टायसन का जन्म एक बंजारा परिवार में हुआ था, और वह ज्यादातर हेजहॉग का शिकार करते थे। इस जंतु को पहले तो वे शहद में डालकर रखते हैं, फिर उसे पकाते हैं।
एक इवेंट के दौरान उन्होंने कहा कि बर्मिंघम में रहने वाले उनके भाई ऐसे दुर्लभ हेजहॉग और मेंढक को खाने के लिए पालते हैं। टायसन का कहना है कि ‘मैंने हेजहॉग का स्वाद लिया है, आपने शायद ही ऐसी डिश का आनंद लिया होगा।‘ उन्हें शहद में भिगोकर रखिए और उसके बाद उसे मिट्टी के ट्रे में डालकर ओवन में सेंकिए, इससे उसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
मकड़ी से डरते हैं टायसन-
वहीं दूसरी और टायसन मकड़ी से डरते हैं। वे कह चुके हैं, ‘मुझे किसी से डर नहीं लगता, लेकिन मेरे सामने मकड़ी या सांप आ जाए तो ऐसा लगता है कि मेरी सांस ही अटक जाएगी।’ इससे पहले भी टायसन महिलाओं पर दिए गए अपने बयान की वजह से विवादों में आ चुके हैं और अब जीव-जंतुओं पर दिए गए बयान की वजह से एक बार फिर वह विवादों से घिर गए है।
पेटा ने भी टायसन के बयान पर अपना विरोध जताया है। दरअसल, हेजहॉग लुप्तप्राय प्राणियों की लिस्ट में शामिल हैं, लेकिन उनका शिकार करना अवैध नहीं है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 1950 में ब्रिटेन में पाए जाने वाले हेजहॉग की संख्या 3.6 करोड़ से घटकर 10 लाख पर आ गई है। यहां हर साल 10 हजार हेजहॉग सड़क हादसों का शिकार हो जाते हैं।