1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. चेका को बताऊंगा कि बच्चे का पंच कैसा होता है: विजेंदर

चेका को बताऊंगा कि बच्चे का पंच कैसा होता है: विजेंदर

भारत के पेशेवर मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने मंगलवार को कहा कि वह तंजानिया के फ्रांसिस चेका का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

Boxer Vijendra singh- India TV Hindi
Image Source : PTI Boxer Vijendra singh

नई दिल्ली: भारत के पेशेवर मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने मंगलवार को कहा कि वह तंजानिया के फ्रांसिस चेका का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। विजेंदर शनिवार को चेका के खिलाफ यहां के त्यागराज स्टेडियम में अपना डब्ल्यूबीओ एशिया पेसिफिक सुपर मिडिलवेट का खिताब बचाने उतरेंगे।

बीजिंग ओलम्पिक-2008 में कांस्य पदक जीतने वाले विजेंदर ने अभी तक पेशेवर मुक्केबाजी में सात मुकाबले खेले हैं और अपराजित रहे हैं। वह मुकाबले से पहले आत्मविश्वास से भरे दिखे। विजेंदर ने कहा, "मैं अपने खिताब बचाने को लेकर आश्वस्त हूं। मैं पिछले सात-आठ सप्ताह से अभ्यास कर रहा हूं। मैं पूरी तरह से तैयार हूं और उन्हें बताना चाहता हूं कि कौन बेहतर है।"

उन्होंने कहा, "मैंने इस खिताब को अपने लोगों के सामने बड़े सम्मान के साथ हासिल किया है। मैं इसे जाने नहीं दूंगा।" वहीं उनके विपक्षी चेका ने विजेंदर को कम अनुभवी वाला मुक्केबाज बताया है। चेका का कहना है कि उनका 43 मुकाबलों का अनुभव विजेंदर के लिए भारी पड़ेगा। चेका ने अपने अनुवादक के जरिए कहा, "विजेंदर को पेशेवर मुक्केबाजी में कम अनुभव है। वह अभी बच्चा हैं और पेशेवर रिंग में उन्हें ज्यादा अनुभव नहीं है। उन्हें नहीं पता कि उनका सामना किससे होने जा रहा है।"

उन्होंने कहा, "मैंने इसके लिए काफी मेहनत की है। मेरे लिए यह पूरी तरह से नई चुनौती है। मैं इसके लिए तैयार हूं। मेरे पंच विजेंदर को उनके घर में शुरुआती राउंड में ही बाहर कर देंगे।" विजेंदर ने इसका जवाब देते हुए कहा, "वह सोचते हैं कि मैं पेशेवर रिंग में नया हूं। मैं सिर्फ चार दिन इंतजार करुं गा और बताऊंगा कि बच्चे का पंच कैसा होता है।" उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ अपने पंच से जवाब दूंगा। मेरे लिए मुक्केबाजी और प्रदर्शन मायने रखता है।"

विजेंदर के अलावा शनिवार को पांच अंडरकार्ड मुकाबले खेले जाएंगे जिसमें प्रदीप खारकेरा (67 किलोग्राम भारवर्ग), कुलदीप धांडा (61 किलोग्राम भारवर्ग), धर्मेद्र (91 किलोग्राम भारवर्ग), दीपक तंवर (67 किलोग्राम भारवर्ग) और राजेश कुमार (61 किलोग्राम भारवर्ग) के मुकाबले शामिल हैं।