रियो डी जनेरियो: ब्राजील के रियो में हो रहे पैरालंपिक खोलों में भारत की ऐथलीट दीपा मलिक ने इतिहास रच दिया है। दीपा ने सोमवार को शॉट पुट इवेंट में सिल्वर मेडल जीता और इसके साथ ही वह पैरालंपिक खेलों में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे पैरालंपिक खेलों में भारत की दीपा मलिक ने शॉटपुट एफ53 इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। दीपा ने 4.61 मीटर की दूरी तय कर मेडल पर कब्जा जमाया। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। वहीं, बहरीन की फातेमा निदाम ने 4.76 की दूरी तय कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया जबकि ग्रीस की दिमित्रा कोरकिडा ने 4.28 की दूरी तय कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
इस इवेंट में कुल 7 खिलाड़ी थे लेकिन मैक्सिको की इस्टेला सालास इसकी शुरुवात नहीं कर पाईं। इस मेडल के साथ ही भारत के इन पैरालंपिक खेलों में कुल 3 मेडल हो गए हैं। थंगावेलु मरियप्पन ने भारत को हाइ जंप में गोल्ड और वरुण भाटी ने इसी इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था। पैरालंपिक खेलों में यह भारत का पहला सिल्वर मेडल है।