बासेल: मौजूदा यूरो कप विजेता पुर्तगाल और उपविजेता फ्रांस ने फीफा विश्व कप क्वालिफायर की निराशाजनक शुरुआत की है। समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ उतरी पुर्तगाल को स्विट्जरलैंड ने 2-0 से हरा दिया।
मंगलवार को हुए मैच में स्विट्जरलैंड के लिए बरिल इमबोलो और एहमद मेहमेदी ने गोल किए।
वहीं, फ्रांस को बेलारूस के साथ गोलरहित ड्रॉ खेलने पर मजबूर होना पड़ा।
नए कोच रोर्बेटो मार्टिनेज के आने के बाद अपना पहला मैच खेल रही बेल्जियम ने साइप्रस को 3-0 से मात दी। उसके लिए रोमलु लुकाकु ने दो और यानिक कारास्को ने एक गोल किया।
नीदरलैंड्स और स्वीडन के बीच खेला गया मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। अपने घर में खेल रही स्वीडन ने शुरुआत में एक गोल की बढ़त ले ली थी लेकिन वेसले स्नीडर ने नीदरलैंड्स के लिए गोल कर मैच ड्रॉ करा लिया।
एक अन्य मैच में अल्बानिया ने मैसिडोनिया को 2-1 से मात दी। वहीं बोस्निया हर्जेगोविना ने इस्तोनिया को 5-0 से और ग्रीस ने जिब्राल्टर को 4-1 से मात दी।
अंडोरा ने लातविया को 1-0 से मात दी। हंगरी और फरो द्वीप समूह का मैच गोलरहित ड्रॉ रहा। बुल्गारिया ने लक्जमबर्ग को 4-3 से मात दी।