1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. रियो ओलम्पिक उद्घाटन समारोह में शामिल न होने से रोसेफ निराश

रियो ओलम्पिक उद्घाटन समारोह में शामिल न होने से रोसेफ निराश

ब्राजील की निलंबित राष्ट्रपति डिल्मा रोसेफ ने शुक्रवार को रियो ओलम्पिक उद्घाटन समारोह में शामिल न होने पर खेद जताया।

Dilma Rousseff- India TV Hindi
Image Source : PTI Dilma Rousseff

रियो डी जेनेरियो: ब्राजील की निलंबित राष्ट्रपति डिल्मा रोसेफ ने शुक्रवार को रियो ओलम्पिक उद्घाटन समारोह में शामिल न होने पर खेद जताया। ब्राजील के माराकाना स्टेडियम में शुक्रवार को (भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह 4.30 बजे) 31वें ओलम्पिक खेलों का रंगारंग आगाज हुआ। रोसेफ ने एक ट्वीट में कहा, "मैं इस रंगारंग और सुंदर पार्टी में शामिल न हो पाने से निराश हूं। हालांकि मैं इसे देखूंगी और ब्राजील को प्रोत्साहित करूंगी।"

अंतर्राष्ट्री ओलम्पिक समिति (आईओसी) ने रोसेफ को इस उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। ब्राजील की सीनेट ने उनके खिलाफ महाभियोग को मंजूरी दी, जिसके बाद उन्हें पद से हटना पड़ा। उनकी जगह मिशेल टेमर देश के कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाए गए हैं। रोसेफ ने कहा कि ऐसे में जबकि पूरी आयोजन प्रक्रिया में उनकी अग्रणी भूमिका रही, वह 'दूसरे क्रम' की भूमिका निभाने को तैयार नहीं हैं।

ओलम्पिक खेलों के उद्घाटन और समापन समारोह की जिम्मेदारी संभालने वाले डिजाइनर एबेल गोमेज का जिक्र करते हुए रोसेफ ने ट्वीट किया, "मैं आश्वस्त हूं कि एबेल एक बेहतरीन पार्टी का निर्माण करेंगे। आप आश्वस्त हो सकते हैं कि मैं आपको प्रोत्साहित करूंगी।"इस सप्ताह  स्पेन के एक दैनिक समाचार पत्र 'एल मुंडो' के साथ एक साक्षात्कार में रोसेफ ने कार्यवाहक राष्ट्रपति टेमर को 'घुसपैठिया' करार दिया।

रोसेफ ने कहा, "सोचिए कि आप एक पार्टी करने जा रहे हैं, आपने इसके लिए कई साल काम किए, कई तैयारियां की, मीडिया को बुलाया और पार्टी के दिन कोई आता है व आपकी जगह ले लेता है।" रोसेफ के साथ-साथ ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति लुइस इनाकियो लुला डा सिल्वा (2003-2010) और फर्नाडों हेनरीक काडरेसो (1995-2002) ने भी इस उद्घाटन समारोह में शामिल नहीं होने का फैसला लिया।