1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. RIO 2016: राजीव गांधी खेल रत्न के लिए दीपा और जीतू के नाम की सिफारिश

RIO 2016: राजीव गांधी खेल रत्न के लिए दीपा और जीतू के नाम की सिफारिश

रियो ओलंपिक के वाल्ट फाइनल में चौथे स्थान पर रहकर इतिहास रचने वाली महिला जिम्नास्ट दीपा कर्मकार और दिग्गज निशानेबाज जीतू राय के नाम की सिफारिश खेल मंत्रालय द्वारा नियुक्त चयन पैनल ने प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए की।

Dipa Karmakar- India TV Hindi
Image Source : PTI Dipa Karmakar

नई दिल्ली: रियो ओलंपिक के वाल्ट फाइनल में चौथे स्थान पर रहकर इतिहास रचने वाली महिला जिम्नास्ट दीपा कर्मकार और दिग्गज निशानेबाज जीतू राय के नाम की सिफारिश खेल मंत्रालय द्वारा नियुक्त चयन पैनल ने प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए की। दीपा के नाम को आज 12 सदस्यीय समिति की बैठक के बाद स्वीकृति मिली। रियो खेलों में शानदार प्रदर्शन के कारण उनके नाम को स्वीकृति मिली जबकि खेल मंत्रालय को सिफारिशें भेजने की समय सीमा पहले ही समाप्त हो चुकी है।

त्रिपुरा में जन्मीं 23 साल की जिम्नास्ट दीपा रातों रात स्टार बन गई जब 14 अगस्त को महिला वाल्ट फाइनल में वह सिर्फ 0.150 अंक से कांस्य पदक से चूकते हुए चौथे स्थान पर रहीं। दीपा ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2014 में कांस्य पदक जीता था। दूसरी तरफ जीतू पुरूष 10 मीटर एयर पिस्टल में दुनिया के तीसरे नंबर के निशानेबाज हैं। वह रियो में अभिनव बिंद्रा के अलावा अपनी स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने वाले एकमात्र भारतीय निशानेबाज थे।

जीतू 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे थे लेकिन आठवें स्थान पर रहे थे। वह हालांकि रियो में अपनी पसंदीदा स्पर्धा 50 मीटर पिस्टल के फाइनल के लिये क्वालीफाई नहीं कर पाये थे। इस साल जीतू ने बाकू में आईएसएसएफ विश्व कप की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता था जबकि बैंकाक में आईएसएसएफ विश्व कप की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। वह 2014 में स्पेन में 51वीं निशानेबाजी विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतकर रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले निशानेबाज थे।