हैदराबाद: अगरतला में लग्जरी कार के रखरखाव परेशानी होने पर भारतीय जिमनास्ट दीपा करमाकर ने अनुरोध किया है कि उन्हें इस BMW कार की बजाय इसकी कीमत का कैश पुरस्कार दे देना चाहिए। उधर, उन्हें यह वाहन भेंट करने वाली संस्था ने इस मामले पर गौर करने का वादा किया है।
करमाकर ने रियो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला जिमनास्ट बनकर इतिहास रच दिया था और वह अपनी वाल्ट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही थीं। हैदराबाद जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष चामुंडेश्वरनाथ ने उन्हें उनके प्रदर्शन के लिये BMW कार भेंट दी थी। दीपा को सचिन तेंदुलकर ने सम्मान समारोह में रियो ओलंपिक की पदक विजेता पीवी सिंधु और साक्षी मलिक के साथ कार की चाबियां सौंपी थीं।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
दीपा रखरखाव की दिक्कत के कारण अपनी लग्जरी कार वापस करना चाहती हैं क्योंकि अगरतला की सड़कें BMW के लिये काफी संकरी हैं और शहर में BMW गाड़ी का एक भी शोरूम या सर्विस सेंटर नहीं है। इस 23 वर्षीय खिलाड़ी के कोच बी नंदी ने भी कहा कि उन्होंने भी आग्रह किया कि कार के बराबर की कीमत दीपा के खाते में ट्रांसफर कर दी जानी चाहिए। चामुंडेश्वरनाथ ने कहा कि वह जिमनास्ट से बात करेंगे कि उन्हें वाहन से संबंधित किन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चामुंडेश्वरनाथ ने पीटीआई से कहा, हम उससे बात करेंगे। दीपा जिसमें भी सहज महसूस करे हम उस पर गौर करेंगे। चामुंडेश्वरनाथ ने कहा, खिलाडि़यों को कार उपहार में देने के पीछे उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिये प्रेरित करना था।