पेरिस: मिडफील्डर लुका मोड्रिक के एकमात्र गोल के दम पर क्रोएशिया ने ग्रुप-डी के अपने पहले मुकाबले में रविवार को तुर्की को 1-0 से हराकर यूरो कप फुटबॉल टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। दिन के एक अन्य मैच में पोलैंड ने आयरलैंड को भी 1-0 से ही हराया।
रविवार को पहले मैच में क्रोएशिया के मोड्रिक ने 41वें मिनट में शानदार गोल किया। इसके बाद दोनों टीमें मैच में कोई गोल नहीं कर सकीं हालांकि विजेता टीम को दूसरे हाफ में भी मौका मिला लेकिन दारिजो सरना तथा इवान पेरेसिक अपनी टीम की बढ़त को बढ़ाने में नाकाम रहे।
तुर्की को पहले हाफ में एक मौका मिला जब ओजान तुफान का हेडर गोल की तरफ बढ़ा लेकिन डेनिजल सुबासिक ने शानदार अंदाज में बचाव करते हुए उसे सफलता हासिल नहीं करने दी।
वैसे इस मैच का परिणाम कुछ और हो सकता था क्योंकि दोनों टीमों ने गोल करने के कई अच्छे मौका गंवाए।
तुर्की की टीम ने स्टार खिलाड़ियों से भरी क्रोएशियाई टीम को कड़ी टक्कर देने की कोशिश की लेकिन बराबरी का गोल करने के लिए उसके पास कोई करिश्माई खिलाड़ी नहीं था।