1. Hindi News
  2. खेल
  3. अन्य खेल
  4. स्कीइंग में देश को दिलाया पहला मेडल, अब हुई इनामों की बारिश

स्कीइंग में देश को दिलाया पहला मेडल, अब हुई इनामों की बारिश

अंतरराष्ट्रीय स्कींग चैंपियनशिप में भारत को पहला मेडल दिलाने वाली आंचल ठाकुर की देशभर में तारीफ हो रही है।

आंचल ठाकुर- India TV Hindi
आंचल ठाकुर

अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप में भारत को पहला मेडल दिलाने वाली आंचल ठाकुर की देशभर में तारीफ हो रही है। आंचल ने एल्पाइन एज्डेर 32,000 कप में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया और भारत का नाम रौशन किया। आंचल हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं और हिमाचल सरकार ने आंचल की इस कामयाबी पर उन्हें सम्मानित करने और इनाम देने की घोषणा की है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आंचल को 5 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के प्रति युवाओं को जागरुक करना चाहती है और राज्य में खेल ढांचा विकसित करने के लिए ठोस योजना लाने की तैयारी में है। हम चाहते हैं कि राज्य का हर युवा नई ऊंचाई को छुए और देश और राज्य का नाम रौशन करे। 

आंचल की इस उपलब्धि के बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आंचल को बधाई दी थी। मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि पूरा देश तुर्की में आयोजित एफआईएस अंतरराष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता में आपकी ऐतिहासिक उपलब्धि से बहुत खुश है। भविष्य के लिए आपको ढेरों शुभकामनाएं। आपको बता दें कि आंचल ने 2012 विंटर ओलंपिक और 2017 में एशियन विंटर गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।